TVS Motor Company Stock Price: टूव्हीलर मेकर टीवीएस मोटर कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 10 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 26 मार्च 2025 तय की गई है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। डिविडेंड पर फैसला 20 मार्च को हुई बोर्ड मीटिंग में लिया गया। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि अंतरिम डिविडेंड का भुगतान, घोषणा किए जाने के 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा।
इससे पहले टीवीएस मोटर कंपनी ने 27 फरवरी 2024 को 8 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 19 मार्च 2024 थी। कंपनी साल 2001 से लगातार डिविडेंड बांट रही है। इसके शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
TVS Motor Company का शेयर 1 प्रतिशत चढ़ा
टीवीएस का शेयर बीएसई पर 20 मार्च को 1 प्रतिशत बढ़त के साथ 2346.75 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 6 महीनों में 9 प्रतिशत नीचे आया है, वहीं एक सप्ताह में 3 प्रतिशत चढ़ा है। बीएसई पर शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 2,958.15 रुपये और 52 सप्ताह का निचला स्तर 1,873.05 रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.27 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
दिसंबर तिमाही में मुनाफा 618 करोड़ रुपये
अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में TVS Motor Company का शुद्ध मुनाफा 618 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले से 4 प्रतिशत ज्यादा है। तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 10.3 प्रतिशत बढ़कर 9,097 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA एक साल पहले के मुकाबले 17 प्रतिशत बढ़कर 1,081 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं मार्जिन 70 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी के साथ 11.9 प्रतिशत हो गया, जो दिसंबर 2023 तिमाही में 11.2 प्रतिशत था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।