United Spirits Shares: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रही लड़ाई के थमने के संकेतों पर आज मार्केट में रौनक दिखी। इस रौनक के बीच यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयर शुरुआती कारोबार में ऊपर चढ़े तो लेकिन फिर धड़ाम हो गए। शेयरों में बिकवाली का यह दबाव ऐसे समय में आया है, जब कंपनी ने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु (RCB) को ₹16,600 करोड़ ($178 करोड़) में बिक्री पूरी कर ली है। इस बिक्री का शेयरों पर निगेटिव इफेक्ट दिखा। पहले तो खरीदारी के माहौल में यह 1.25% ऊपर चढ़कर ₹1344.20 की ऊंचाई तक पहुंचा लेकिन फिर इस इंट्रा-डे हाई से यह 2.90% टूटकर ₹1305.25 तक आ गया। निचले स्तर पर रिकवरी के बाद आज बीएसई पर यह ₹1313.80 पर बंद हुआ है जोकि पिछले कारोबारी दिन के क्लोजिंग प्राइस ₹1327.60 से 1.04% नीचे है।
