होम सर्विसेज देने वाली अर्बन कंपनी लिमिटेड के शेयरों में 15 दिसंबर को गिरावट है। शेयर दिन में BSE पर 5.6 प्रतिशत तक टूटकर 121.45 रुपये के लो तक गया। बाद में 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट के साथ 123.25 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी का 3 महीने का शेयरहोल्डर लॉक-इन पीरियड 15 दिसंबर को खत्म हुआ है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक, इससे अर्बन कंपनी के 4.15 करोड़ शेयर या बकाया इक्विटी का 3% हिस्सा ट्रेडिंग के लिए पात्र हो गया है। ध्यान रहे कि शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि सभी शेयर ओपन मार्केट में बेच ही दिए जाएंगे। ये शेयर केवल ट्रेडिंग के लिए पात्र हो जाते हैं।
