सऊदी अरब से मिला ₹2,700 करोड़ का ऑर्डर, शेयर ने भरी 9% उड़ान, इस साल निवेशकों के पैसे डबल

VA Tech Wabag Shares: वीए टेक वाबाग को सऊदी अरब से 2,700 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर मिला है। इस खबर से कंपनी के शेयर आज 6 सितंबर को कारोबार के दौरान 9 पर्सेंट तक चढ़ गए। चेन्नई मुख्यालय वाली कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसे सऊदी वाटर अथॉरिटी से डीसैलिनेशन प्लांट के लिए ₹2,700 करोड़ का एक मेगा ऑर्डर मिला है

अपडेटेड Sep 06, 2024 पर 2:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
VA Tech Wabag Shares: वीए टेक वाबाग का शेयर इस साल अबतक निवेशकों को 110 फीसदी का रिटर्न दे चुका है

VA Tech Wabag Shares: वीए टेक वाबाग को सऊदी अरब से 2,700 करोड़ रुपये का एक बड़ा ऑर्डर मिला है। इस खबर से कंपनी के शेयर आज 6 सितंबर को कारोबार के दौरान 9 पर्सेंट तक चढ़ गए। चेन्नई मुख्यालय वाली कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसे सऊदी वाटर अथॉरिटी से डीसैलिनेशन प्लांट के लिए ₹2,700 करोड़ का एक मेगा ऑर्डर मिला है। इस प्रोजेक्ट को 30 महीनों के अंदर पूरा करना है।

कंपनी ने बताया, "वाबाग ने सऊदी अरब में लाल सागर से सटे यानबू शहर में 30 लाख लीटर प्रति दिन क्षमता वाले एक बड़े समुद्री जल रिवर्स ऑस्मोसिस (SWRO) डीसैलिनेशन प्लांट का ऑर्डर जीता है। इस ऑर्डर में इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट, कंस्ट्रक्शन और कमीशनिंग (EPCC) शामिल हैं। वाबाग के ट्रैक रिकॉर्ड और तकनीकी रूप से बेहतर प्रस्ताव ने इस ऑर्डर को पाने में अहम भूमिका निभाई।"

इस कॉन्ट्रैक्ट में 300 लाख लीटर प्रतिदिन (MLD) क्षमता वाले डीसैलिनेशन प्लांट की डिजाइनिंग, सप्लाई, कंस्ट्रक्शन और कमीशन शामिल है। इसे लाल सागर से सटे यानबू अल-बहर के दक्षिण में स्थित एक ग्रीनफील्ड साइट पर लगाया जाएगा।


प्लांट को आधुनिक डीसैलिनेशन तकनीकों का इस्तेमाल करके बनाया जाएगा। साथ ही इसे बेहतर एनर्जी एफिशियंसी और स्थानीय पर्यावरण नियमों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा, जहां ये बेहतरीन क्वालिटी का पीने योग्य जल उत्पादन करें।

बता दें कि वाबाग एक डिसैलिनेशन और वॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशंस मुहैया करने वाली कंपनी है। यह सऊदी अरब में पिछले करीब 4 दशकों से उपस्थिति में है और वहां इसने कई वाटर और वेस्ट-वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स लगाए हैं। कंपनी के स्ट्रैटजी और बिजनेस ग्रोथ हेड, रोहन मित्तल ने बताया कि यह ऑर्डर सऊदी अरब के 'विजन 2030' में एक महत्वपूर्ण योगदान देगा। साथ ही यह डीसैलिनेशन सेक्टर में Wabag की ग्लोबल लीडरशिप को और मजबूत करेगी।

कंपनी ने हाल ही में यह भी कहा है कि उनका ऑर्डर बुक इस वित्तीय वर्ष के अंत तक ₹16,000-17,000 करोड़ तक पहुंच सकता है। CFO स्कंदप्रसाद सीथारामन ने उम्मीद जताई कि मिडिल ईस्ट, अफ्रीका और भारत के क्षेत्र में मिले ऑर्डर्स से कंपनी की ग्रोथ तेजी से बढ़ेगी।

दोपहर 12.25 बजे के करीब, VA Tech Wabag के शेयर एनएसई पर करीब 5.50 फीसदी की तेजी के साथ 1,355 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। यह एक मल्टीबैगर शेयर है, जो इस साल अबतक अपन निवेशकों को करीब 110 फीसदी का रिटर्न दे चुका है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों में करीब 170 फीसदी तेजी आई है।

यह भी पढ़ें- VST Industries के स्टॉक ने लगाई 20% की छलांग, दे रही है 10 बोनस शेयर; राधाकिशन दमानी भी हैं शेयरहोल्डर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।