Vinyas Innovative Tech IPO Listing: इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्री को सर्विसेज मुहैया कराने वाली विन्यास इनोवेटिव टेक के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धमाकेदार एंट्री हुई। पहले ही दिन इसने निवेशकों का पैसा डबल कर दिया है। यह आईपीओ सिर्फ नए शेयरों के लिए लाया गया था यानी कि ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत किसी शेयरहोल्डर ने अपनी हिस्सेदारी कम नहीं की है। आईपीओ के तहत 165 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 330 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 100 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Vinyas Innovative Tech Listing Gain) मिला।
लिस्टिंग के बाद यह रॉकेट की स्पीड से ऊपर चढ़ रहा है। एंट्री के बाद यह उछलकर 346.50 रुपये (Vinyas Innovative Tech Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी लेवल पर यह बंद भी हुआ। इस प्रकार पहले दिन आईपीओ निवेशक 110 फीसदी मुनाफे में हैं।
Vinyas Innovative Tech IPO को कैसा मिला रिस्पांस
विन्यास इनोवेटिव टेक का 54.66 करोड़ रुपये का आईपीओ 27 सितंबर-3 अक्टूबर के बीच खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह आईपीओ 43.24 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 42.74 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 95.16 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 21.27 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 33,12,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में होगा।
विन्यास इनोवेटिव टेक इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्री की ग्लोबल OEM (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैनुफैक्चरर्स) और ODM (ओरिजिनल डिजाइन मैनुफैक्चरर्स) को डिजाइन, इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स मैनुफैक्चरिंग सर्विसेज मुहैया कराती है। यह कंपनी बिल्ड टू प्रिंट (B2P) और बिल्ड टू स्पेसिफिकेशन सर्विसेज सर्विसेज ऑफर करती है। अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 1 करोड़ रुपये से बढ़कर 7.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान रेवेन्यू भी 21.21 करोड़ रुपये से उछलकर 23.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।