Wall Street Futures: ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच जारी युद्ध के बीच ग्लोबल शेयर बाजारों में बिकवाली का दबाव गहराता जा रहा है। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में 2 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली, जिससे अमेरिकी शेयर बाजारों के आज 3 मार्च को भारी गिरावट के साथ खुलने के संकेत मिल रहे हैं। क्रूड और नैचुलर गैस की कीमतों में तेज उछाल और महंगाई बढ़ने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
भारतीय समयानुसार शाम करीब 4:30 बजे नैस्डैक-100 से जुड़े फ्यूचर्स 2.26 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे। S&P 500 फ्यूचर्स में 1.75 प्रतिशत की गिरावट थी, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज फ्यूचर्स 1.68 प्रतिशत तक टूट गए थे।
एनर्जी मार्केट में उथल-पुथल
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि घटनाक्रम के लिए कोई तय समयसीमा नहीं है, जबकि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने चेतावनी दी कि ईरान पर “सबसे कड़े प्रहार अभी होना बाकी हैं।” इस बीच ईरान ने सऊदी अरब के रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला किया। वहीं इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में सैनिक भेजे, जहां ईरान समर्थित हिजबुल्लाह सक्रिय है।
एशिया और यूरोप में भी तेज गिरावट
यूरोप और एशिया के प्रमुख शेयर बाजार अप्रैल के बाद अपनी सबसे बड़ी दो-दिवसीय गिरावट की ओर बढ़ रहे हैं। एशिया में, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच साउथ कोरिया के शेयर बाजार में 2024 के बाद की सबसे बड़ी बिकवाली दर्ज की गई। छुट्टी के बाद बाजार खुलने पर KOSPI इंडेक्स 7.2 प्रतिशत गिर गया, जो अगस्त 2024 के बाद उसका सबसे खराब सेशन रहा। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स के शेयर कम से कम 9.9 प्रतिशत तक लुढ़क गए।
जापान का निक्केई-225 इंडेक्स 3 प्रतिशत से अधिक गिरा। हांगकांग का Hang Seng सूचकांक 1 प्रतिशत से ज्यादा फिसला, जबकि चीन का SSE Composite भी 1 प्रतिशत से अधिक नीचे रहा। यूरोप में भी Stoxx Europe 600 सूचकांक 3 प्रतिशत से अधिक टूट गया।
भारत में भी नेगेटिव संकेत
भारतीय शेयर बाजार आज 3 मार्च को होली के कारण बंद रहे। हालांकि गिफ्टी निफ्टी में भारी गिरावट देखी गई। शाम 4:30 बजे Gift Nifty फ्यूचर्स 24,360 पर ट्रेड कर रहा था, जो 632.5 अंक या 2.53 प्रतिशत की गिरावट दिखाता है। इससे कल 4 मार्च को भारतीय शेयर बाजारों के भी कमजोरी सके साथ खुलने के संकेत मिल रहे हैं।
इससे पहले सोमवार को बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 2,743.46 अंक या 3.37 प्रतिशत गिरकर 78,543.73 तक फिसल गया था। बाद में कुछ रिकवरी के बावजूद यह 1,048.34 अंक या 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 पर बंद हुआ।
निफ्टी 50 भी सत्र के दौरान 575.15 अंक या 2.28 प्रतिशत टूटकर 24,603.50 तक पहुंच गया था और अंततः 312.95 अंक या 1.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,865.70 पर बंद हुआ।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।