IRM Energy Investment Strategy: स्टॉक मार्केट की ताबड़तोड़ बिकवाली ने आज गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी IRM Energy की एंट्री बिगाड़ दी। इसके शेयर 5 फीसदी डिस्काउंट पर लिस्ट हुए हैं और लिस्टिंग के बाद इसमें और दबाव दिखा। लिस्टिंग से पहले एनालिस्ट्स ने करीब 10 फीसदी के लिस्टिंग गेन का अनुमान लगाया था क्योंकि इसके 545 करोड़ रुपये के आईपीओ को शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 27 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। हालांकि कमजोर मार्केट सेंटिमेंट ने आईपीओ निवेशकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आईपीओ निवेशकों को यह शेयर 505 रुपये के भाव पर जारी हुआ था और बीएसई पर इसका सफर 479 रुपये पर शुरू हुआ। फिलहाल यह 472.60 रुपये (IRM Energy Share Price) पर है जबकि इंट्रा-डे में यह 450.05 रुपये तक टूट गया था।
फिर क्या करें, बेच दें या अभी बने रहें?
आईआरएम एनर्जी की पैरेंट कंपनी कैडिला फार्मा (Cadila Pharma) है जिसकी इसमें 49.5 फीसदी हिस्सेदारी है। स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट अनुषि वखारिया के मुताबिक कैडिला फार्मा के चलते कंपनी को काफी मदद मिली है जैसे कि जिस सेक्टर में यह है, उसमें भारी निवेश की जरूरत पड़ती है लेकिन आईआरएम एनर्जी को इसमें कैडिला फार्मा की काफी मदद मिली। अनुषि के मुताबिक नियम अनुकूल होने के चलते पीएनजी का दायरा बढ़ रहा है और कंपनी नए-नए इलाकों में विस्तार कर रही है। उनका कहना है कि अगर वैल्यूएशन के हिसाब से भी देखें तो इसकी वैल्यू एकदम सही है और वित्त वर्ष 2023 की कमाई के हिसाब से 24.1x P/E पर है जबकि इंडस्ट्री एवरेज 43.9x है। ऐसे में उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि जिन्हें इसके शेयर मिले हैं, वह लॉन्ग टर्म के लिए इसमें निवेश बनाए रखें।
IRM Energy में लगाएं ₹455 पर स्टॉप लॉस
स्वास्तिक इनवेस्टमार्ट की हेड (वेल्थ) शिवानी न्याति के मुताबिक आईआरएम एनर्जी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेगमेंट में तेजी से आगे बढ़ रही है और इसका कस्टमर पोर्टफोलियो, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क डाइवर्सिफाईड है और ग्राहकों के संबंध भी काफी मजबूत हैं। उनका मानना है कि देश में नेचुरल गैस की डिमांड बढ़ रही है तो इसका फायदा उठाने के लिए यह काफी मजबूत स्थिति में है। शिवानी के मुताबिक बाजार की मौजूदा गिरावट के चलते आईआरएम एनर्जी की लिस्टिंग कमजोर रही। उन्होंने निवेशकों को 455 रुपये के स्टॉप लॉस पर अपनी पोजिशन बनाए रखने की सलाह दी है। बता दें कि आज यह लेवल इंट्रा-डे में बीएसई पर ब्रेक हो गया था लेकिन फिर यह रिकवर हो गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।