AU Small Finance Bank Share Price: घरेलू मार्केट में आज कमजोरी का दबाव है। BSE Sensex में 0.40% की गिरावट है लेकिन दूसरी तरफ एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) के शेयरों में आग लगी हुई है। फिलहाल यह बीएसई पर 16.12 फीसदी के उछाल के साथ 674 रुपये के भाव पर ट्रेड हो रहा है। इंट्रा-डे में तो यह 677.55 रुपये के भाव पर पहुंच गया था। इसके शेयरों में खरीदारी की यह रुझान केंद्रीय बैंक RBI (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) के फैसले के चलते दिख रहा है। आरबीआई ने बैंक के मौजूदा एमडी और सीईओ संजय अग्रवाल को कार्यकाल विस्तार दे दिया है जिसके चलते ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनले ने इसकी रेटिंग को बरकरार रखा है। इस वजह से एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर टूटते बाजार में भी जमकर उछल रहे हैं।
क्या रेटिंग दी है Morgan Stanley ने
आरबीआई की मंजूरी के बाद संजय अग्रवाल तीन साल और बैंक के एमडी और सीईओ का पदभार संभालेंगे। ऐसे में मॉर्गन स्टैनले का मानना है कि बैंक का कारोबार स्थायित्व की तरफ बढ़ेगा। बढ़ती ब्याज दरों के दौर में इसने रेटिंग में गिरावट की संभावना नहीं जताई है। वहीं दूसरी तरफ बैंक की मजबूत कमाई को देखते हुए आने वाले कुछ वर्षों में फिर से मजबूत रेटिंग की भी संभावना जताई है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि इसका ग्रोथ आउटलुक अच्छा दिख रहा है और मुनाफा भी बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में मॉर्गन स्टैनले इसकी ओवरवेट रेटिंग को बरकरार रखा है।
AU Small Finance Bank के शेयरों का कैसा रहा है हाल
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों का प्रदर्शन इस साल कुछ खास नहीं रहा है। आज के शेयरों की तेजी को छोड़ दें तो इस साल 2023 में अब तक यह 11 फीसदी से अधिक टूटा था। वहीं इस दौरान निफ्टी बैंक महज 4 फीसदी कमजोर हुआ। निफ्टी बैंक आज करीब आधा फीसदी मजबूत दिख रहा है। पिछले एक साल में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 21 अप्रैल 2022 को यह एक साल के हाई 732.90 रुपये और फिर अगले तीन महीने में ही यह 26 फीसदी से अधिक टूटकर 538.80 रुपये के एक साल के निचले स्तर पर आ गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।