Solar Stock: प्रीमियर एनर्जीज पर म्यूचुअल फंड्स का बड़ा दांव! प्रमोटर के हिस्सेदारी बेचने के बाद भी कर रहे बड़ी खरीदारी

Solar Stock: प्रमोटर्स ने हिस्सेदारी बेची, लेकिन बड़े म्यूचुअल फंड्स ने इसी सोलर स्टॉक Premier Energies में करोड़ों रुपये झोंक दिए। आखिर ऐसा क्या दिखा कि Quant, Motilal Oswal और Canara Robeco जैसे फंड हाउस खरीदारी में जुट गए? जानिए इसके पीछे की बड़ी वजहें।

अपडेटेड Jul 02, 2026 पर 5:21 PM
Premier Energies के शेयर गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ 1,052 रुपये पर बंद हुए।

Solar Stock: सोलर कंपनी Premier Energies के प्रमोटर्स ने मई 2026 में अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा कम किया। वहीं देश की कई बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनियों ने इसमें जमकर निवेश किया। इननमें Quant Mutual Fund, Motilal Oswal, Canara Robeco और Edelweiss जैसे फंड हाउस शामिल हैं। इन्होंने प्रीमियर एनर्जीज में में नई खरीदारी की या अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई।

सबसे बड़ी खरीदारी Quant ELSS Tax Saver Fund ने की। फंड ने करीब 40.84 लाख शेयर खरीदे और अपने AUM का 3.32% इस शेयर में लगाया। वहीं Motilal Oswal Midcap Fund ने करीब 29.16 लाख शेयर खरीदे और इस स्टॉक में अपनी हिस्सेदारी 1.25% से बढ़ाकर 2.13% कर दी। Canara Robeco Midcap और Edelweiss Equity Savings Fund ने भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई।

क्यों पसंद आ रहा है यह शेयर?


Premier Energies भारत की प्रमुख सोलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल है। कंपनी सोलर सेल, सोलर मॉड्यूल, वेफर, इंगट और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) से जुड़े प्रोडक्ट बनाती है। भारत से अमेरिका को होने वाले सोलर सेल एक्सपोर्ट में कंपनी की मजबूत मौजूदगी है।

सेक्टर में मजबूत ग्रोथ

भारत तेजी से रिन्यूएबल एनर्जी की ओर बढ़ रहा है। FY26 में देश ने 44.6 GW नई सोलर क्षमता जोड़ी, जो FY25 के मुकाबले काफी अधिक है। FY27 में सोलर मॉड्यूल की मांग करीब 60 GW रहने का अनुमान है।

इसके अलावा BESS की मांग भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। सरकार ने BESS क्षमता बढ़ाने के लिए 9,160 करोड़ रुपये की कैपिटल सब्सिडी का ऐलान किया है। इसका फायदा Premier Energies जैसी कंपनियों को मिल सकता है।

क्षमता बढ़ाने पर फोकस

Premier Energies लगातार अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ा रही है। FY26 में 5.6 GW की नई मॉड्यूल यूनिट शुरू होने के बाद कुल क्षमता 11.1 GW हो गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 7 GW सेल प्लांट, 10 GW इंगट-वेफर प्लांट, 6 GWh BESS क्षमता और 3 GW इन्वर्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर भी काम चल रहा है।

ऑर्डर बुक में तगड़ा उछाल

31 मार्च 2026 तक Premier Energies की ऑर्डर बुक 14,010 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 66% अधिक है। Q4FY26 में कंपनी को 2,577 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कुल कमाई 20.7% बढ़कर 8,026 करोड़ रुपये रही। वहीं, मुनाफा 61.1% उछलकर 1,509.7 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का ROE 42.4% और ROCE 33.3% रहा, जो इंडस्ट्री औसत से काफी बेहतर है।

म्यूचुअल फंड्स के भरोसे की वजह

म्यूचुअल फंड्स का भरोसा कंपनी के मजबूत फंडामेंटल पर दिख रहा है। कंपनी के पास बड़ी ऑर्डर बुक है। कमाई लगातार बढ़ रही है। कंपनी तेजी से अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता भी बढ़ा रही है। वहीं, सोलर सेक्टर में लंबी अवधि की ग्रोथ की भी मजबूत संभावनाएं हैं।

हालांकि, आगे कंपनी के लिए सबसे बड़ी चुनौती प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करना होगी। भविष्य की ग्रोथ काफी हद तक इसी पर निर्भर करेगी।

Premier Energies के शेयरों का हाल

Premier Energies के शेयर गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ 1,052 रुपये पर बंद हुए। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 24.36% का रिटर्न दिया है। हालांकि, बीते 1 साल में यह तकरीबन फ्लैट रहा है। कंपनी का मार्केट कैप 47.03 हजार करोड़ रुपये है।

Bernstein ने प्राइवेट बैंकों के शेयरों में घटाया निवेश, जानिए उसने क्या वजह बताई

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।