Jewellery Stocks: फेस्टिव और शादियों के सीजन से पहले गोल्ड ईटीएफ फंड ऑफ फंड्स (FoFs) में नए निवेश पर अस्थायी रोक ने ज्वैलरी स्टॉक्स की चमक बढ़ा दी। करीब 17 म्यूचुअल फंड्स के इस फैसले पर पीसी ज्वैलर (PC Jeweller-PCJ), शांति गोल्ड इंटरनेशनल (Shanti Gold International), स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स (Sky Gold and Diamonds) और त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी (Tribhovandas Bhimji Zaveri) के शेयर 18% तक चढ़कर नए हाई पर पहुंच गए। इसमें से एक तो उछलकर अपर सर्किट पर पहुंचा यानी कि शेयरों के खरीदार मार्केट में रहे लेकिन कोई सेलर बेचने को नहीं मौजूद रहा।
Jewellery Stocks: कौन-कौन से शेयर पहुंचे नए हाई पर
सबसे तेज स्पीड से पीसी ज्वैलर के शेयर चढ़े और बीएसई पर यह 18.46% उछलकर ₹17.13 तक पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
शांति गोल्ड इंटरनेशनल के शेयर 8.37% चढ़कर एक साल के नए हाई ₹424.90 तक पहुंच गए।
स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स के शेयर 7.10% चढ़कर ₹1,073.85 के रिकॉर्ड हाई लेवल तक पहुंच गए।
त्रिभुवनदास भीमजी जावेरा के शेयर उछलकर 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गए जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
Gold ETF FoFs में नए निवेश पर रोक क्यों?
न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, यूटीआई म्यूचुअल फंड और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड समेत कई म्यूचुअल फंड्स ने पब्लिक नोटिस जारी किया और गोल्ड ईटीएफ एफओएफ में नए निवेश पर रोक लगा दिया। निकासी पर कोई रोक नहीं लगी है। रायटर्स से बातचीत में एक म्यूचुअल फंड एग्जीक्यूटिव के मुताबिक सेबी के निर्देशों पर म्यूचुअल फंड्स ने गोल्ड ईटीएफ एफओएफ में नए निवेश पर रोक लगाई है।
ईटीएफ को सोने-चांदी की सप्लाई करने वाले एक प्राइवेट बैंक डीलर के मुताबिक यह चौंकाने वाला फैसला है क्योंकि पिछले दो महीनों में सोने और चांदी का आयात पिछले साल के मुकाबले काफी कम हुआ है। हालांकि एक डीलर का कहना है कि यह अक्टूबर में आयात में होने वाली भारी बढ़ोतरी को रोकने के लिए एक एहतियाती कदम है। अक्टूबर महीने में दशहरा और फिर नवंबर में दिवाली है तो ऐसे में फेस्टिव खरीदारी बढ़ सकती है। पिछले साल फेस्टिव सीजन में सोने और चांदी के ईटीएफ में धड़ाधड़ निवेश आया था। बता दें कि देश में गोल्ड की मांग का अधिकतर हिस्सा आयात होता है और इससे इंपोर्ट बिल बढ़ता है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।