Stock Market News: दिग्गज कारोबारी अनिल अग्रवाल की वेदांता (Vedanta) के शेयरों में आज भारी गिरावट दिख रही है। इसकी प्रमोटर कंपनी ट्विन स्टार होल्डिंग्स (Twin Star Holdings) आज वेदांता के शेयरों को बेचने वाली थी जिसके चलते निवेशक धड़ाधड़ बेचकर निकलने लग। जानकारी के मुताबिक ट्विन स्टार 258.5 रुपये के भाव पर वेदांता के 4130 करोड़ रुपये के शेयर बेचने वाली थी जो इसकी 4.3 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। इस बिक्री के चलते निगेटिव माहौल बना और बीएसई पर शेयर इंट्रा-डे में 9 फीसदी टूटकर 247.80 रुपये पर आ गया।
दिन के आखिरी में यह 6.67 फीसदी की गिरावट के साथ 254.05 रुपये के भाव (Vedanta Share Price) पर ट्रेड हो रहा है। ट्विन स्टार की वेदांता में 46.4 फीसदी हिस्सेदारी है और प्रमोटर्स के पास कुल मिलाकर 68.11 फीसदी हिस्सेदारी है। ट्विन स्टार कर्ज चुकाने के लिए अपनी हिस्सेदारी बेचने वाली थी।
Vedanta की ब्रिटिश लिस्टेड कंपनी पर कर्ज का है पहाड़
वेदांता की प्रमोटर कंपनी ऐसे समय में अपनी हिस्सेदारी बेच रही है और यह तगड़ा डिविडेंड बांट रही है, जब वेदांता की ब्रिटेन में लिस्टेड पैरेंट कंपनी वेदांता रिसोर्सेज पर कर्ज का पहाड़ है। वेदांता ने वित्त वर्ष 2023 के लिए प्रति शेयर 101.50 रुपये का डिविडेंड बांटा और अब मई में भी 18.50 रुपये का इस वित्त वर्ष 2023-24 के पहले अंतरिम डिविडेंड दिया। वेदांता रिसोर्सेज के ऊपर 100 करोड़ डॉलर का बॉन्ड इस महीने अगस्त में ड्यू है और 100 करोड़ डॉलर का बॉन्ड जनवरी में ड्यू। इस वित्त वर्ष 2024 में वेदांता रिसोर्सेज को 420 करोड़ डॉलर का कर्ज चुकाना है जिसमें से इसने 200 करोड़ डॉलर जून तिमाही में ही चुका दिया है।
वेदांता के लिए जून तिमाही रही कमजोर
चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही वेदांता के लिए कुछ खास नहीं रही। जून तिमाही में इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40 फीसदी गिरकर 2,640 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि मुनाफे में यह गिरावट एनालिस्ट्स के अनुमान से कम रही है क्योंकि उनका अनुमान था कि यह गिरकर 1410 करोड़ रुपये तक आ जाएगा। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 13 फीसदी गिरकर 33,342 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी का ग्रॉस डेट मार्च तिमाही में 66182 करोड़ रुपये से बढ़कर 73484 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जून के आखिरी में इसके पास 14292 करोड़ रुपये की नगदी या कैश इक्विवैलेंट थी। कैपिटल एक्सपेंडिचर की बात करें तो इस वित्त वर्ष कंपनी ने 170 करोड़ डॉलर की पूंजी लगाने का फैसला किया है जो पिछले वित्त वर्ष के 120 करोड़ डॉलर के कैपेक्स से अधिक है।