Wipro Q4 Results: 12% बढ़कर ₹3502 करोड़ हुआ मुनाफा, उम्मीद से कमजोर रहा रेवेन्यू

Wipro Q4 Results: विप्रो के Q4 नतीजे मिले-जुले रहे। मुनाफा 12% बढ़कर ₹3502 करोड़ पहुंचा, लेकिन रेवेन्यू अनुमान से कमजोर रहा। कंपनी ने सतर्क आउटलुक दिया और ₹15000 करोड़ के बायबैक का भी ऐलान किया है।

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 5:18 PM
Story continues below Advertisement
विप्रो के बोर्ड ने ₹15,000 करोड़ तक के शेयर बायबैक को मंजूरी दी है।

Wipro Q4 Results: आईटी कंपनी विप्रो के चौथी तिमाही के नतीजे मिले-जुले रहे हैं। कंपनी का मुनाफा जरूर बढ़ा है, लेकिन रेवेन्यू उम्मीद से कम रहा। साथ ही कंपनी ने आने वाले समय के लिए सतर्क रुख बनाए रखा है। इससे संकेत मिलता है कि डिमांड को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।

मुनाफा बढ़ा, लेकिन रेवेन्यू कमजोर

मार्च तिमाही में विप्रो का शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 12.3% बढ़कर ₹3,502 करोड़ हो गया। हालांकि रेवेन्यू $2.4 बिलियन रहा, जो बाजार के $2.6 बिलियन के अनुमान से कम है।


विप्रो की आईटी सर्विसेज से कमाई $2.65 बिलियन रही। इसमें तिमाही आधार पर 0.6% और सालाना आधार पर 2.1% की बढ़त हुई। वहीं कॉन्स्टेंट करेंसी में ग्रोथ लगभग स्थिर रही और सिर्फ 0.2% रही। आईटी सर्विसेज सेगमेंट का ऑपरेटिंग मार्जिन 17.3% रहा। यह तिमाही आधार पर 0.3 प्रतिशत अंक और सालाना आधार पर 0.2 प्रतिशत अंक घटा है।

डील्स मिलीं, लेकिन असर धीमा

विप्रो की कुल बुकिंग $3.46 बिलियन रही, जो स्थिर बनी हुई है। वहीं बड़े डील्स की बुकिंग 65% बढ़कर $1.44 बिलियन हो गई। इसका मतलब है कि कंपनी को नए काम मिल रहे हैं, लेकिन उनका रेवेन्यू में बदलना अभी धीमा है।

कंपनी ने जून तिमाही के लिए (-)2% से 0% के बीच ग्रोथ का अनुमान दिया है। यह पिछले तिमाही जैसा ही है और इससे साफ है कि डिमांड को लेकर कंपनी ज्यादा भरोसे में नहीं है।

AI पर फोकस बढ़ा

मैनेजमेंट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्लाइंट्स की जरूरतों को तेजी से बदल रहा है। कंपनी अब AI आधारित सर्विस मॉडल की ओर बढ़ रही है और इसी दिशा में बड़े निवेश कर रही है।

कंपनी का कैश कन्वर्जन मजबूत बना हुआ है। FY26 में ऑपरेटिंग कैश फ्लो नेट इनकम का 112.6% रहा। कंपनी ने अपने मुनाफे का बड़ा हिस्सा डिविडेंड के रूप में निवेशकों को लौटाया है।

₹15,000 करोड़ का बायबैक

विप्रो के बोर्ड ने ₹15,000 करोड़ तक के शेयर बायबैक को मंजूरी दी है। इसमें ₹250 प्रति शेयर की कीमत तय की गई है। इसमें प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप भी हिस्सा ले सकता है। हालांकि यह बायबैक अभी शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर करेगा।

विप्रो के शेयरों का हाल

विप्रो का शेयर गुरुवार को 0.19% बढ़कर ₹210.15 पर बंद हुआ। हालांकि, इस साल अब तक स्टॉक में 20% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। यहां तक कि पिछले 5 साल में भी स्टॉक ने 10.42% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 2.20 लाख करोड़ रुपये है।

Wipro Buyback: ₹15000 करोड़ के बायबैक पर बोर्ड की मुहर, ₹250 के भाव पर खरीदा जाएगा शेयर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।