Wipro Buyback: ₹15000 करोड़ के बायबैक पर बोर्ड की मुहर, ₹250 के भाव पर खरीदा जाएगा शेयर

Wipro Buyback: विप्रो ने ₹15,000 करोड़ के बायबैक का ऐलान किया है, जिसमें ₹250 प्रति शेयर पर खरीद होगी। प्रमोटर्स भी हिस्सा लेंगे। जानिए इस बायबैक का निवेशकों और शेयर प्राइस पर क्या असर पड़ सकता है।

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 4:50 PM
Story continues below Advertisement
गुरुवार को विप्रो का शेयर 0.19% की हल्की बढ़त के साथ ₹210.15 पर बंद हुआ।

Wipro Buyback: दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो ने निवेशकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने ₹15,000 करोड़ के शेयर बायबैक की घोषणा की है, जो करीब तीन साल बाद किया जा रहा है।

विप्रो कुल 60 करोड़ इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी। यह कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 5.7% हिस्सा है।

₹250 प्रति शेयर तय हुई कीमत


विप्रो ने बायबैक के लिए ₹250 प्रति शेयर की कीमत तय की है। यह गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस के मुकाबले करीब 19% ज्यादा है, यानी निवेशकों को प्रीमियम पर एग्जिट का मौका मिलेगा।

यह बायबैक टेंडर ऑफर रूट से किया जाएगा। इसमें कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों से तय कीमत पर शेयर वापस खरीदती है, जो आमतौर पर बाजार भाव से ज्यादा होती है।

प्रमोटर्स भी लेंगे हिस्सा

विप्रो के प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप ने भी इस बायबैक में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है। दिसंबर तिमाही के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 72.6% है।

निवेशकों के नजरिए से देखें तो यह एक न्यूट्रल से हल्का निगेटिव संकेत हो सकता है। क्योंकि अगर प्रमोटर बड़े पैमाने पर बेचते हैं तो बाजार को लग सकता है कि वे मौजूदा वैल्यूएशन पर मुनाफा बुक कर रहे हैं। हालांकि अगर प्रमोटर सीमित मात्रा में हिस्सा लेते हैं, तो इसका असर ज्यादा बड़ा नहीं होता। ऐसे में बायबैक का फायदा बाकी शेयरधारकों को भी मिलता है।

3 साल बाद आया बायबैक

विप्रो ने आखिरी बार जून 2023 में बायबैक किया था। उस समय कंपनी ने ₹12,000 करोड़ के बायबैक में 26.96 करोड़ शेयर खरीदे थे, जो कुल इक्विटी का 4.91% थे। उस बायबैक की कीमत ₹445 प्रति शेयर थी। यह कीमत दिसंबर 2024 में हुए 1:1 बोनस इश्यू के हिसाब से एडजस्ट नहीं है।

विप्रो के शेयरों का हाल

गुरुवार को विप्रो का शेयर 0.19% की हल्की बढ़त के साथ ₹210.15 पर बंद हुआ। हालांकि, इस साल अब तक स्टॉक में 20% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। यहां तक कि पिछले 5 साल में भी स्टॉक ने 10.42% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 2.20 लाख करोड़ रुपये है।

Top Gainers & Losers: लाल बाजार में 5 शेयर 20% तक उछले, 5 स्टॉक्स ने देखी 5% तक की गिरावट

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।