Yes Bank Shares: इन 3 वजहों से भाग रहा यस बैंक का शेयर, एक महीने में आई 14% की उछाल, जानिए डिटेल

Yes Bank Shares: प्राइवेट सेक्टर के लेंडर यस बैंक के शेयरों में बुधवार को NSE पर 8 फीसदी से अधिक की उछाल आई और यह दिन के कारोबार के दौरान 14.90 रुपये के स्तर तक चले गए

अपडेटेड Jul 27, 2022 पर 8:03 PM
YES Bank की एसेट क्वालिटी में सुधार होता दिखा रहा है

Yes Bank Shares: प्राइवेट सेक्टर के लेंडर यस बैंक के शेयरों में बुधवार को NSE पर 8 फीसदी से अधिक की तेजी आई और यह दिन के कारोबार के दौरान 14.90 रुपये के स्तर तक चले गए। वहीं पिछले एक महीने में यह 14 फीसदी से अधिक चढ़ चुका है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि शानदार तिमाही नतीजों, बैंक के रिवाइवल प्लान में तेजी और बैंकिंग सेक्टर इंडेक्स के अच्छे प्रदर्शन के चलते यस बैंक के शेयर लगातार ऊपर जा रहे हैं।

शानदार नतीजे

यस बैंक ने पिछले हफ्ते मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2022) के नतीजे जारी किए। बैंक ने बताया कि जून तिमाही में उसका मुनाफा करीब 50 फीसदी बढ़कर 310.63 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 206.84 करोड़ रुपये था। इससे पहले मार्च तिमाही और दिसंबर तिमाही में भी बैंक मुनाफे में रहा थी, जिससे मार्केट एनालिस्ट्स का बैंक के कारोबार को लेकर भरोसा बढ़ा है।

बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी जून तिमाही में सालाना आधार पर 32 फीसदी बढ़कर 1,850 करोड़ रुपये रहा। नेट इंटरेस्ट इनकम, ब्याज से होने वाली कमाई को बताती है और यह बैंक की कमाई का मुख्य स्रोत होता है। NII में बढ़ोतरी भी बैंक के अच्छे प्रदर्शन की ओर संकेत करता है। इसके अलावा जून तिमाही में बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) भी 2.4 फीसदी पर रहा, जो सालाना आधार पर 0.30 फीसदी अधिक है। NIM के बढ़ने से पता चलता है कि बैंक की प्रॉफिटेबिलिटी बढ़ रही है।


यह भी पढ़ें- इस मल्टीबैगर शेयर ने 5 साल में दिया 1460% रिटर्न, लेकिन दो दिन में क्यों आई 36% गिरावट?

YES Bank की एसेट क्वालिटी में भी सुधार होता दिखा रहा है। एडवांसेज के मुकालबले इसका ग्रॉस नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स (ग्रॉस-NPA) जून तिमाही में घटकर 13.4 फीसदी रहा, जो इसकी पिछली तिमाही में 13.9 फीसदी और पिछले साल की इसी तिमाही में 15.6 फीसदी था।

रिवाइवल प्लान में तेजी

यस बैंक ने हाल ही में एक एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) बनाने के लिए जेसी फ्लावर्स (JC Flowers) के साथ डील साइन की है। इस एआरसी में जेसी फ्लावर्स की 80 फीसदी हिस्सेदारी, जबकि यस बैंक की 20 फीसदी हिस्सेदारी होगी। एआरसी बनने के बाद यस बैंक अपना करीब 48,000 करोड़ रुपये का बैड लोन इस कंपनी को ट्रांसफर कर देगी। इससे यस बैंक का बैलेंस-शीट मजबूत हो जाएगा।

Yes Bank के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रशांत कुमार ने एक बयान में कहा था कि यह डील पूरी होने के बाद यस बैक के ग्रॉस नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स (ग्रॉस-NPA) में करीब 1.5 से 2 फीसदी तक की कमी आएगी, जो अभी जून तिमाही के अंत में 13.4 फीसदी है।

यह भी पढ़ें- Zomato के शेयरों से दूर भाग रहे इनवेस्टर्स, Moore ने लॉस में बेच दिए 4 करोड़ शेयर

शेयर बाजार में बैंकिंग इंडेक्स का मजबूत प्रदर्शन

शेयर बाजार में साल 2022 के दौरान भारी अस्थिरता देखी गई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) इस साल अब तक करीब 5 फीसदी गिरा है। हालांकि इसी दौरान BSE बैंकिंग इंडेक्स करीब 2 फीसदी बढ़ा है।

वहीं पिछले एक महीने की बात करें तो, BSE Sensex में जहां 5 फीसदी की तेजी आई है, वहीं इसके मुकाबले BSE बैंकिंग इंडेक्स करीब 8 फीसदी बढ़ा है। बैंकिंग शेयरों में तेजी का लाभ यस बैंक को भी मिला और इसके शेयरों में तेजी देखी जा रही है।

डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।