Zee Entertainment Enterprises Share Price: जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) के बोर्ड ने शेयर या पात्र सिक्योरिटीज को जारी करके 2,000 करोड़ रुपये तक की धनराशि जुटाने के लिए अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि 6 जून की मीटिंग में ZEEL के बोर्ड ने एक या एक से अधिक राउंड में स्वीकार्य तरीकों के माध्यम से इक्विटी शेयर और/या किसी अन्य पात्र सिक्योरिटीज (कनवर्टिबल/नॉन कनवर्टिबल) को जारी कर 2000 करोड़ रुपये तक जुटाने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
पैसा जुटाने के तरीकों में प्राइवेट प्लेसमेंट, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट, प्रिफरेंशियल इश्यू या कोई अन्य तरीका या तरीके शामिल हैं लेकिन इन्हीं तक सीमित नहीं है। बोर्ड के इस फैसले पर अभी शेयरधारकों और रेगुलेटर्स की मंजूरियां ली जाएंगी।
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का शेयर 6 जून को 7 प्रतिशत तक उछला। शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 150.95 रुपये पर खुला और फिर 157.55 रुपये के हाई तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 4.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 153.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 14700 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
अनिमेश कुमार दे चुके हैं इस्तीफा
जी एंटरटेनमेंट के प्रेसिडेंट (एचआर एंड ट्रांसफॉर्मेशन) अनिमेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अनिमेश कुमार का कहना है कि वह इस फैसले पर काफी समय से विचार कर रहे थे और उन्हें लगा कि साल का अंत आगे बढ़ने का सही समय है। उन्होंने ZEE में छह साल तक काम किया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।