जीरोधा (Zerodha) के को-फाउंडर निखिल कामत (Nikhil Kamath) ने गेमिंग इंडस्ट्री पर बड़ा दांव लगाने का फैसला किया है। उन्होंने गेमिंग इंडस्ट्री के आंत्रप्रेन्योर्स और डेवलपर्स के लिए 'डब्ल्यूटीएफ गेमिंग फंड (WTF Gaming Fund)' लॉन्च करने का ऐलान किया है। कामत ने कहा कि जमाना बदल गया है और लोगों को झुकाव काफी तेजी से पारंपरिक खेलों की जगह डिजिटल गेमिंग की तरफ होता जा रहा है। कामत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “जब मैं छोटा था, तो क्रिकेट पर हमारा पूरा ध्यान होता था। चाहे वह खेलना हो, देखना हो या टीम को सपोर्ट करना हो। ऐसा लगता है कि आज की युवा पीढ़ी में क्रिकेट की जगह डिजिटल गेम्स ने ले ली है। यह देखना दिलचस्प है कि समय के साथ गेमिंग का फील्ड भी कैसे विकसित हुआ है।”
उन्होंने कहा, "गेमिंग फंड के लिए आवेदन खुले हैं। अगर आप या आपका कोई परिचित गेमिंग इंडस्ट्री में कुछ बना रहा है (सिर्फ गेम ही नहीं), तो वे यहां रजिस्टर कर सकते हैं: https://airtable.com/appaTroW9uFyIHCfw/pagLfI98SReCMEj8u/form."
निखिल कामत के ट्वीट को आप नीचे देख सकते हैं-
निखिल कामत के इस ट्वीट पर एक यूजर्स ने रिप्लाई देते हुए कहा, "क्रिकेट हमारा जुनून था, लेकिन आज के बच्चे गेमिंग में पूरी तरह डूबे हुए हैं। यह हमें याद दिलाता है कि समय कैसे बदलता है और नई रुचियां पैदा होती रहती हैं। क्या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसके पास गेमिंग का बेहतरीन कॉन्सेप्ट है? उन्हें अपने विजन को लागू करने और उसे वास्तविकता में बदलने के लिए प्रोत्साहित करें।"
वहीं एक दूसरे यूजर्स ने लिखा, "यार, अगर ऐसा लगता है कि क्रिकेट की जगह गेम्स ने ले ली है तो प्लीज... होश में आओ। हां, गेमिंग इंडस्ट्री बढ़ रही है, लेकिन यह क्रिकेट की जगह नहीं ले रही है। आज के मैच के बाद बने मीम्स देखो!"
नजारा टेक में भी किया है निवेश
इससे पहले मार्च में निखिल कामत और उनके भाई नितिन कामत ने गेमिंग स्टॉक नजारा टेक्नोलॉजीज (Nazara Technologies) के 11.5 लाख शेयर खरीदे हैं। दोनों भाईयों ने प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए नजारा टेक में 100 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस स्टॉक में दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की पत्नी रेखा झुनझुनवाला का भी निवेश है।