Zomato Share Price: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 (Nifty 50) में पिछले कुछ समय से बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा है तो दूसरी तरफ फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) के शेयर तेजी से ऊपर चढ़ रहे हैं। निफ्टी इस साल 2024 में अब तक 1 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है तो दूसरी तरफ जोमैटो के शेयर 28 फीसदी से अधिक। वहीं एक साल में तो जोमैटो 198 फीसदी से अधिक उछला है जबकि निफ्टी करीब 30 फीसदी ही। मार्केट एक्सपर्ट्स को इसमें आगे भी अच्छी तेजी के आसार दिख रहे हैं।
आज की बात करें तो ₹8.6 करोड़ के टैक्स नोटिस पर जोमैटो में बिकवाली का दबाव दिख रहा है। BSE पर आज यह 1.06 फीसदी की गिरावट के साथ 158.20 रुपये (Zomato Share Price) पर बंद हुआ है। गुजरात के डिप्टी कमिश्नर ऑफ स्टेट टैक्स ने इसे अधिक इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और जीएसटी कम देने के मामले में 8.6 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है जिसमें ब्याज और पेनाल्टी शामिल है। इसमें जुर्माने की राशि ₹4,11,68,604 है।
Zomato पर ब्रोकरेज का क्या है रुझान
स्विस ब्रोकरेज फर्म यूबीएस ने जोमैटो को 195 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। जितने भी ब्रोकरेज जोमैटो को कवर कर रहे हैं, उसमें से 24 ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है और चार ने सेल रेटिंग दी है। जेफरीज के मुताबिक इसके ग्रोथ की मजबूत गुंजाइश दिख रही है और इंडस्ट्री के स्थायित्व से नियर टर्म में इसका मुनाफा बढ़ेगा। जोमैटो भी जून 2024 तक ब्लिंकिट में ब्रेक-इवन की उम्मीद कर रही है। इसके मजबूत फ्री कैश फ्लो को देखते हुए जेफरीज का कहना है कि कैपिटल एलोकेशन पर निगाहें रहेंगी। पिछले हफ्ते HSBC ने ब्लिंकिट पर फोकस रखते हुए जोमैटो का टारगेट प्राइस बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया। इसका मानना है कि लॉन्ग टर्म में ऐड रेवेन्यू से इसके क्विक कॉमर्स ब्लिंकिट के कारोबार को तगड़ा सपोर्ट मिलेगा।
एक साल में शानदार स्पीड से चढ़े शेयर
जोमैटो के शेयर ने एक साल में निवेशकों की शानदार कमाई कराई है। पिछले साल 28 मार्च 2023 को यह एक के निचले स्तर 49 रुपये पर था। इस लेवल से एक साल साल से भी कम समय में यह 258 फीसदी से अधिक उछलकर 4 मार्च 2024 को एक साल के हाई 175.50 रुपये पर पहुंच गया। इस प्रकार एक साल से भी कम समय में इसने निवेशकों के पैसों को तीन गुना से अधिक बढ़ा दिया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।