Zomato Shares: जब अशनीर ग्रोवर ने दी थी जोमैटो के गिरते शेयरों को खरीदने की सलाह, बताया था शानदार मौका

Zomato के शेयरों में सोमवार को 13% से ज्यादा की भारी गिरावट आई और कंपनी की मार्केट वैल्यू एक दिन में 89,000 करोड़ रुपये तक कम हो गई

अपडेटेड Jul 25, 2022 पर 8:55 PM
Story continues below Advertisement
Zomato के 613 करोड़ या 78 फीसदी शेयरों का सोमवार को लॉक-इन पीरियड खत्म हुआ

Zomato Share Price: जैसा पहले से अनुमान था, ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) के शेयरों में सोमवार को 13 फीसदी से ज्यादा की भारी गिरावट आई और कंपनी की मार्केट वैल्यू एक दिन में 89,000 करोड़ रुपये तक कम हो गई। इस गिरावट के बाद तमाम निवेशकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर जाकर दूसरे लोगों को घाटे में रहने वाली कंपनियों में निवेश करने से बचने की सलाह दी।

यह भी दिलचस्प है कि भारतपे के को-फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया के जज अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) ने करीब ढाई महीने पहले मई में निवेशकों को जोमैटो के शेयर खरीदने की सलाह दी। जोमैटो के शेयरों में तब भी कई महीनों से लगातार गिरावट देखी जा रही थी और अशनीर का कहना है कि इस निचले स्तर पर कंपनी के शेयर खरीदना बुरा आइडिया नहीं है।

अशनीर ने अपने ट्वीट में कहा था, "यह सब बस नजरिए की बात है।" उन्होंने कहा, "अगर आप एक Zomato कर्मचारी हैं और IPO के बाद 140 रुपये या उससे अधिक कीमत पर अपने ESOP (एंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्रोग्राम) का इस्तेमाल करते, तो संभव है कि आपको इनकम टैक्स के रूप में प्रति शेयर अधिक लागत का भुगतान करना पड़ता, जिसे आप आज बाजार से स्वतंत्र रूप से खरीद सकते हैं। 56 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बाजार एक तरह से सभी को ESOP दे रहा है।" बता दें कि अशनीर ग्रोवर ने पिछले साल जोमैटो के IPO के लिए व्यक्तिगत स्तर पर 150 करोड़ रुपये के आवेदन दिए थे।


यह भी पढ़ें- Taking Stocks : कारोबारी हफ्ते के पहले दिन दायरे में कारोबार, जानिए कल कैसी रह सकती है इसकी चाल

मजेदार है कि अशनीर ग्रोवर ने ठीक ऐसी ही सलाह पेटीएम (Paytm) के शेयरों के लिए भी दी थी, जब इसके शेयर लगातार नीचे आ रहे थे। अशनीर ने कहा था कि Paytm का शेयर चीख-चीखकर कह रहा है कि उसे खरीदा जाए।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, "पेटीएम का शेयर खरीदने का यही सबसे सही मौका है। इसकी वैल्यू 7 अरब लगी थी। सिर्फ फंड से 4.6 अरब डॉलर जुटाए गए थे। कैश इन हैंड करीब 1.5 अरब डॉलर होने चाहिए। ऐसे में 600 रुपये के मार्केट प्राइस पर, बाजार यह कह रहा है कि पिछले 10 सालों में 3.1 अरब डॉलर खर्च करके 5.5 अरब डॉलर की वैल्यू बनाई गई है। यह बैंक के FD रेट से भी कम है। इसे खरीदे लें।"

हालांकि सोमवार को जोमैटो के शेयरों में गिरावट के बाद कई निवेशकों ने ट्विटर पर दूसरों से अपील किया कि वे घाटे वाली कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाने से परहेज करें। बता दें कि सोमवार को जोमैटो के 613 करोड़ या 78 फीसदी शेयरों का लॉक-इन पीरियड खत्म हुआ। ये शेयर जोमैटो के शुरुआती निवेशकों के पास थे, जिन्होंने कंपनी में आईपीओ आने से पहले से निवेश किया हुआ था। लॉक-इन पीरियड खत्म होने के बाद इनमें से कई निवेशकों ने सोमवार को अपने शेयरों को बेचा, जिसके चलते जोमैटो के शेयर दबाव में आ गए। एनालिस्ट्स का कहना है कि आने वाले दिनों में कंपनी के शेयर और नीचे आ सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।