Zydus Life Share Price: फार्मा सेक्टर की दिग्गज की कंपनी जायडस फार्मा के शेयरों में आज खरीदारी का जोरदार रुझान दिखा। इसे एक नहीं, दो बड़ी वजहों से सपोर्ट मिला। एक वजह तो ये ही है एक अमेरिकी कंपनी के अधिग्रहण को लेकर इसने एक एग्रीमेंट किया है और दूसरी मुख्य वजह ये है कि बोर्ड की आने वाली बैठक में कारोबारी नतीजे के साथ-साथ शेयर बायबैक के प्रस्ताव पर कंपनी विचार करेगी। इन दोनों ने मिलकर कंपनी के शेयरों को पंख लगा दिए। आज बीएसई पर यह 5.58% की बढ़त के साथ ₹991.30 के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 6.18% उछलकर ₹997.00 तक पहुंचा था।
अधिग्रहण को लेकर क्या है Zydus Life का प्लान?
जायडस लाइफ अमेरिकी कंपनी एजर्टियो होल्डिंग्स (Assertio Holdings) का प्रति शेयर $23.5 के भाव पर $16.64 करोड़ में अधिग्रहण करेगी। यह सौदा कैश में होगा। एजर्टियो अमेरिका की स्पेशल्टी फार्मा कंपनी का है जिसका फोकस ऑन्कोलॉजी और पेन मैनेजमेंट पर है। जाइडस का कहना है कि यह अधिग्रहण उसके स्पेशल्टी ऑन्कोलॉजी बिजनेस में अपनी स्थिति मजबूत करने की स्ट्रैटेजी के तहत है। यह सौदा टेंडर ऑफर के जरिए पूरा किया जाएगा, जिसके बाद जाइडस की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी जारा (Zara) का एजर्टियो में विलय होगा। विलय के बाद एजर्टियो बनी रहेगी और इसे अमेरिकी स्टॉक मार्केट के एक्सचेंज नास्डाक से डीलिस्ट किया जाएगा। यह सौदा वित्त वर्ष 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
एजर्टियो के पोर्टफोलियो में Rolvedon नाम की एक कैंसर दवा है जिसे अमेरिकी दवा नियामक FDA ने बॉयोलॉजिकल लाइसेंस एप्लीकेशन (BLA) प्रक्रिया के तहत मंजूरी दी है। पिछले वर्ष 2025 में एजर्टियो ने $6.82 करोड़ करोड़ की बिक्री की जबकि वर्ष 2024 में सेल्स का आंकड़ा $6.00 करोड़ पर था।
बायबैक को लेकर क्या है जाइडस लाइफ का प्लान?
जाइडस लाइफ ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि 19 मई को बोर्ड की होने वाली बैठक में मार्च 2026 तिमाही के कारोबारी नतीजे के साथ-साथ शेयरों के बायबैक प्रस्ताव पर भी विचार होगा। चार साल में यह तीसरी बार होगा, जब कंपनी बायबैक करने वाली है। साल 2022 में कंपनी ने ₹750 करोड़ के शेयरों का बायबैक किया था और ₹650 के भाव पर 1.15 करोड़ शेयर वापस खरीदे थे। फिर साल 2024 में इसने ₹600 करोड़ के 59.7 लाख शेयरों को ₹1005 के भाव पर खरीदा था। दोनों बायबैक टेंडर ऑफर रूट के जरिए किए गए थे और इनमें प्रमोटरों ने भी हिस्सा लिया था। मार्च 2026 तिमाही तक कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 75% थी।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
जायडस लाइफ के शेयरों ने निवेशकों को झटका दिया है। पिछले साल 19 सितंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹1059.00 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 6 महीने में यह 21.07% फिसलकर 2 मार्च 2026 को ₹835.85 के भाव पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।