iPhone's Record Sales: एपल (Apple) भारत में आईफोन (iPhone) की बिक्री का रिकॉर्ड बना रही है। आईडीसी का शुरुआती अनुमान है कि इस साल 2025 के शुरुआती तीन महीनों में 30 लाख से अधिक आईफोन की बिक्री हुई। यह एक रिकॉर्ड है। पिछले साल की समान तिमाही में एपल ने 22.1 लाख आईफोन की बिक्री की थी। आईडीसी की रिसर्च मैनेजर उपासना जोशी ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा कि मार्च 2025 तिमाही में 30 लाख से अधिक आईफोन की बिक्री के साथ एपल रिकॉर्ड बनाने वाली है। इसे नो कॉस्ट ईएमआई, कैशबैक और ईटेलर डिस्काउंट्स से सपोर्ट मिला है।
iPhone 16 सीरीज के चलते बना बिक्री का रिकॉर्ड
आईफोन की यह रिकॉर्ड सेल्स ऐसे समय में आई है, जब भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में व्यापर छूट और कीमतों में कटौती के बावजूद मिड-सिंगल डिजिट की गिरावट की आशंका जताई जा रही है। आईफोन की इस रिकॉर्ड बिक्री में सबसे बड़ा योगदान इसकी नई 16 सीरीज का है जिसकी टोटल शिपमेंट्स में आधे से अधिक हिस्सेदारी है। देश को दो सबसे बड़े स्मार्टफोन ब्रांड की बात करें तो वीवो और सैमसंग को झटका लगा है। वीवो की सेल्स 2.7 फीसदी और सैमसंग की सेल्स 19.5 फीसदी गिरी है तो दूसरी तरफ ओप्पो की सेल्स 14.3 फीसदी और रियलमी की 5.3 फीसदी बढ़ी है। मार्केट शेयर के हिसाब से चौथी सबसे बड़ी कंपनी एपल 36.1 फीसदी की रफ्तार से बढ़ी और आईडीसी के आदित्य रामपाल के हिसाब से सबसे तेज रही।
भारत में लगातार आगे बढ़ी रही है Apple, रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला कायम
पिछले साल वर्ष 2024 में अमेरिका, चीन और जापान के बाद भारत एपल के लिए दुनिया का चौथा सबसे बड़ा बाजार बन गया था। वर्ष 2024 में इसका शिपमेंट 1.2 करोड़ के रिकॉर्ड लेवल को छू दिया था और इसमें सालाना आधार पर 35 फीसदी की तेजी आई थी। दिसंबर 2024 तिमाही में एपल पहली बार भारत के पांच सबसे बड़े स्मार्टफोन ब्रांड में शुमार हो गई। आईफोन 15 और 13 की बिक्री के दम पर इसका मार्केट शेयर 10 फीसदी पर पहुंच गया।
वर्ष 2023 की शुरुआत से ही एपल लगातार भारत में बिक्री के तिमाही रिकॉर्ड तोड़ रही है। एनालिस्ट्स का मानना है कि यह प्रवृत्ति आगे भी जारी रहने वाली है। आईडीसी की रिसर्च मैनेजर के मुताबिक भारत में आईफोन की बिक्री इस साल 1.3-1.4 करोड़ यूनिट्स तक पहुंचने की संभावना है। काउंटरप्वाइंच रिसर्च को उम्मीद है कि एपल की 10-15 फीसदी की ग्रोथ बनी रहेगी।
भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए एपल हर संभव प्रयास कर रही है। कंपनी भारत में मैन्युफैक्चरिंग और खुदरा उपस्थिति का तेजी से विस्तार कर रही है और प्रमुख शहरों में भर्ती को भी तेज कर रही है। अभी इसके देश में 3 हजार से अधिक एंप्लॉयीज हैं लेकिन कंपनी ने मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल विस्तार में सैकड़ों जॉब ओपनिंग्स भी निकाली हुई हैं। कंपनी बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली-एनसीआर और मुंबई में चार स्टोर खोल रही है। इसकी सप्लायर फॉक्सकॉन, पेगाट्रन और जाबील भी आईफोन और एयरपॉड्स का उत्पादन बढ़ाने के लिए खुद की क्षमता बढ़ा रही है।
एपल का हायरिंग अभियान ऐसे समय में चल रहा है जब यह आईफोन से आगे बढ़ना चाहता है। फॉक्सकॉन की तेलंगाना स्थित नई फैसिलिटी में अगले कुछ महीनों में एयरपॉड्स का उत्पादन शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद आईपैड और मैकबुक का भी उत्पादन शुरू होगा। वित्तीय रूप से बात करें तो एपल इंडिया का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2024 में 23 फीसदी बढ़कर 2,745.7 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 36 फीसदी उछलकर 67,121.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।