Bajaj Pulsar 220F भारतीय बाजार में एक आइकॉनिक बाइक है। इसे पहली बार साल 2007 में लॉन्च किया गया था। इसे बड़े पैमाने पर लोग पसंद करते हैं। पिछले कुछ सालों में इस बाइक में कई छोटे कॉस्मेटिक और मैकेनिकल अपडेट किए गए हैं। कंपनी ने अप्रैल 2022 में इसे चुपचाप बंद कर दिया था। हालांकि, बजाज पल्सर 220F अब वापसी कर रही है और इसके लिए बुकिंग भी अब शुरू हो गई है। बजाज पल्सर 220F की पिछली रिकॉर्ड की गई कीमत 1.34 लाख रुपये थी। लीक हुई रिपोर्ट के अनुसार नए MY2023 मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 1.40 लाख रुपये से कम होने की उम्मीद है।'
2023 Bajaj Pulsar 220F में क्या है खास
डिजाइन की बात करें तो 2023 बजाज पल्सर 220F काफी हद तक अपने पहले वाले वर्जन के समान ही रहेगी। हालांकि, इसमें कार्बन एडिशन सहित नए कलर स्कीम देखने को मिल सकते हैं। पल्सर 220F में वही 220cc सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड, FI इंजन होगा जो 20 bhp और 18.5 Nm का टार्क जनरेट करता है। इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। हालांकि, मोटर अब OBD-2 कंप्लायंट होगी।
पल्सर 220F में टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और रियर में डुअल स्प्रिंग-लोडेड गैस-चार्ज शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं। ब्रेकिंग ड्यूटी के लिए स्टैंडर्ड के रूप में सिंगल-चैनल ABS के साथ दोनों छोर पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं। फीचर्स की बात करें तो पल्सर 220F में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता रहेगा। इसका मुकाबला Yamaha R15 V4, Bajaj Pulsar NS200, Suzuki Gixxer SF जैसे बाइक्स से होगा।