2023 Hyundai Creta N Line Night Edition : कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी हुंडई ने क्रेटा एन लाइन नाइट एडिशन एसयूवी को लॉन्च कर दिया है। हालांकि, इसे भारतीय बाजार में नहीं बल्कि ब्राजील में उतारा गया है। इस नई SUV की कीमत 28.8 लाख रुपये रखी गई है। इस स्पेशल एडिशन की केवल 900 कारें बेची जाएंगी। इसमें नेचुरली एस्पिरेटेड 2.0 इंजन के साथ रेगुलर क्रेटा एन लाइन मॉडल की तुलना में कुछ अपडेट दिए गए हैं। आइए जानते हैं इसकी खासियत।
हुंडई क्रेटा एन लाइन नाइट एडिशन 2.0-लीटर 4-सिलेंडर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ आता है, जो 157 बीएचपी का पीक टॉर्क और 188 एनएम का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। इसमें एक फ्लेक्स फ्यूल वर्जन भी है, जो कि 167 बीएचपी और 202 एनएम टार्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की मदद से पावर को फ्रंट व्हील्स तक ट्रांसमिट किया जाता है।
2023 Hyundai Creta N Line Night Edition में ADAS तकनीक सहित एक एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम है। यह एडाप्टिव ऑटोपायलट जैसे फीचर्स के साथ आता है, जो महिंद्रा XUV700 लेन असिस्टेंट में भी दी जाती है। ऑटोमैटिक ब्रेकिंग और टकराव की चेतावनी के साथ इसमें साइड कैमरे भी दिए गए हैं।
2023 हुंडई क्रेटा एन लाइन नाइट एडिशन क्रेटा एन लाइन 1-लीटर टर्बो जैसा दिखता है। इसमें डार्क क्रोम में फ्रंट ग्रिल, एक्सक्लूसिव एन-लाइन बंपर, डबल एग्जॉस्ट, साइड स्कर्ट और एक स्पॉइलर मिलता है। नाइट एडिशन के तहत हुंडई ने कुछ बॉडी पार्ट्स को ब्लैक कर दिया है। एसयूवी में एलईडी लाइटिंग सिस्टम और एक्सक्लूसिव 18-इंच ब्लैक फिनिश्ड व्हील्स दिया गया है।
क्रेटा एन लाइन नाइट एडिशन में ब्लैक थीम दिया गया है और स्टीयरिंग व्हील और गियर नॉब पर भी यही देखा जा सकता है। काले रंग को रेड स्टिचिंग के साथ जोड़ा गया है जो इसे बहुत ही स्पोर्टी लुक देता है। SUV में एक वेंटीलेटेड ड्राइवर सीट, डिजिटल ड्राइवर का डिस्प्ले, ड्राइविंग मोड सेलेक्टर, बोस साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और ऑन-साइट की के साथ एक ऑटोमैटिक AC और पुश-बटन स्टार्ट मिलता है।