जर्मनी की लग्जरी कार निर्माण कंपनी ऑडी (Audi) ने 18 अगस्त यानी शुक्रवार को भारत में अपनी नई कार ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन (Audi Q8 e-tron) को लॉन्च कर दिया है। भारत में इस कार को ग्लोबल लॉन्चिंग के कुछ महीने बाद लॉन्च किया गया है। ऑडी की यह कार कई सारे मॉडर्न फीचर्स और खूबियों से लैस की गई है। आइये जानते हैं इस कार की कीमत और फीचर्स से जुड़ी हर एक डिटेल।
इन शानदार फीचर्स से लैस है ऑडी की नई कार
ऑडी क्यू8 50 ई-ट्रॉन, ऑडी क्यू8 55 ई-ट्रॉन, ऑडी क्यू8 स्पोर्टबैक 50 ई-ट्रॉन और ऑडी क्यू8 स्पोर्टबैक 55 ई-ट्रॉन को कई सारे शानदार ड्राइविंग फीचर्स से लैस किया गया है। कंपनी की प्रेस रिलीज के मुताबिक ऑडी Q8 55 ई-ट्रॉन और ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 55 ई-ट्रॉन 114kW बैटरी के साथ एक बार चार्ज करने पर 600 किमी तक सबसे ज्यादा ड्राइविंग रेंज की पेशकश करती है।
क्या है ऑडी Q8 50 ई-ट्रॉन की रेंज
ऑडी Q8 50 ई-ट्रॉन और ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 50 ई-ट्रॉन एक बार चार्ज करने पर 505 किमी तक की ड्राइविंग रेंज देती है। ऑडी ने 10 अगस्त को कहा कि उसने Q8 ई-ट्रॉन और Q8 स्पोर्टबैक ई-ट्रॉन के लिए बुकिंग शुरू कर दी है।
ऑडी इंडिया के चीफ बलबील सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज, हम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की अपनी यात्रा में एक और कदम आगे बढ़ा रहे हैं और इन खूबसूरत इलेक्ट्रिक कारों को लॉन्च करने से ज्यादा खुशी हमें नहीं हो सकती। बड़े बैटरी पैक न केवल एक्स्ट्रा रेंज देते हैं बल्कि गाड़ियों की वैल्यु को भी बढ़ाते हैं। ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन हमारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी रणनीति के केंद्र में है और यह हमें अपने लाइन-अप को इलेक्ट्रिफाइंग करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार देगा। नई ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन और ऑडी क्यू8 स्पोर्टबैक ई-ट्रॉन के शामिल होने के साथ अब हमारे पास इस सेगमेंट में सबसे बड़ा ईवी पोर्टफोलियो है।
क्या है प्राइस रेंज मूल्य
ऑडी Q8 50 ई-ट्रॉन की कीमत 1 करोड़ 37 लाख रुपये है। वहीं ऑडी Q8 55 ई-ट्रॉन की कीमत 1 करोड़ 26 लाख रुपये है। ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 50 ई-ट्रॉन की कीमत 1 करोड़ 18 लाख रुपये और ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 55 ई-ट्रॉन की कीमत 1 करोड़ 3 लाख रुपये है। ऑडी Q55 ई ट्रॉन और ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 55 ई-ट्रॉन को लिथियम-आयन बैटरी से लैस किया गया है। ऑडी Q8 55 ई-ट्रॉन 582 किमी और ऑडी Q8 स्पोर्टबैक 55 ई-ट्रॉन 600 किमी तक की रेंज ऑफर करते हैं। वहीं ऑडी क्यू8 50 ई-ट्रॉन 491 किमी और ऑडी क्यू8 स्पोर्टबैक 50 ई-ट्रॉन 505 किमी तक की रेंज ऑफर करती है। कार में बैठने वालों की सुरक्षा के लिए 8 एयरबैग हैं।