बजाज ऑटो (Bajaj Auto) वित्त वर्ष 2025 के पहले 6 महीनों में 6 नए मॉडल लॉन्च करने वाली है। इसकी शुरुआत मई की शुरुआत में बिगेस्ट पल्सर से होगी। कंपनी चाहती है कि टूव्हीलर के मामले में ग्राहकों के दिमाग में बजाज ऑटो का नाम सबसे पहले आए। वर्ष की शुरुआत में बजाज ऑटो, प्रीमियम टूव्हीलर कैटेगरी में रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) की पेरेंट कंपनी और मार्केट लीडर आयशर मोटर्स (Eicher Motors) से 10 प्रतिशत अंक पीछे थी। लेकिन मार्च तिमाही तक कंपनी ने इस अंतर को 8 प्रतिशत कम कर लिया है।
बाजार हिस्सेदारी में तेजी से वृद्धि कई अच्छी तरह से लक्षित नई लॉन्च का नतीजा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 125 सीसी से लेकर 250 सीसी तक के 9 व्हीकल लॉन्च किए, ताकि ग्राहकों के सभी वर्गों को कवर किया जा सके।
मार्च 2024 में मुनाफा 18 प्रतिशत बढ़ा
जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में बजाज ऑटो ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़कर 2011.43 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 1705 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इसके अलावा, बजाज ऑटो का 31 मार्च को समाप्त तीन महीनों में ऑपरेशंस से रेवेन्यू कंसोलिडेटेड बेसिस पर 11554.95 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल की समान तिमाही में 8,929 करोड़ रुपये के रेवेन्यू से करीब 30 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का EBIDA मार्च तिमाही में 34.4 फीसदी बढ़कर 2307 करोड़ रुपये हो गया है, जो एक साल पहले इस तिमाही में 1717 करोड़ रुपये पर था।
दुनिया की पहली सीएनजी बाइक कर रही है प्लान
Bajaj Auto दुनिया की पहली सीएनजी बाइक लॉन्च करने की भी योजना बना रही है, जिससे आने-जाने का खर्च आधा हो जाएगा। ईंधन की बचत के अलावा, बाइक में बेस्ट इन क्लास कंफर्ट और सीएनजी व पेट्रोल ईंधन विकल्पों के साथ ड्यूअल फ्यूल कंपैटिबिलिटी मिलेगी। कंपनी ने कहा कि सभी मोटरसाइकिल सेगमेंट में हम उद्योग की तुलना में तेजी से आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में भारत में पल्सर और केटीएम की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है।