भाविश अग्रवाल (Bhavish Aggarwal) की ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) शनिवार, 22 अक्टूबर को एक इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने के अनुरोध पर कहा कि नई गाड़ी की कीमत Honda की Activa रेंज के 70,000-80,000 रुपए के बहुत करीब होने की उम्मीद है। Ola ने 2021 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E2W) बिजनेस में एंट्री की थी।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI), वर्तमान में इसे तीन वेरिएंट में बेचती है। कंपनी ने 2001 में अपना Activa ब्रांड पेश किया था। इसका बेस मॉडल 73,086- 75,586 रुपए, Activa 125 76,025-88,960 रुपए और Activa Premium 76,587 रुपये में एक्स शोरूम प्राइज में उपलब्ध है।
वर्तमान में, यह देश में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर है और पिछले कैलेंडर ईयर में इस मॉडल की लगभग 223,621 यूनिट्स की बिक्री की गई थी।
वर्तमान में, ओला इलेक्ट्रिक भारत में दो इलेक्ट्रिक स्कूटर, Ola S1 और Ola S1 Pro बनाती है। Ola S1 की कीमत 99,999 रुपए और S1 Pro की 1,29,000 रुपए है। S1 3kWh बैटरी (141km रेंज) और S1 pro 4kWh बैटरी (181km रेंज) के साथ आता है।
कंपनी के अधिकारी ने बताया कि नया ई-स्कूटर इन मॉडलों के थोड़ा नीचे होगा और इसमें एक बार चार्ज करने पर कम से कम 100 km की रेंज वाली एक छोटी बैटरी भी होगी। इस व्यक्ति ने नाम न छापने का अनुरोध किया, क्योंकि वह आधिकारिक तौर पर मीडिया से बात नहीं कर सकते।
कुछ मीडिया रिपोर्टों से यह भी पता चलता है कि बेंगलुरु स्थित EV बनाने वाली कंपनी शनिवार को अपने प्रोडक्ट की रेंज के लिए Move OS 3.0 सॉफ्टवेयर अपडेट भी पेश करेगी।
अधिकारी ने कहा, "ऑल-न्यू मॉडल को सिंगल वेरिएंट में पेश किया जाएगा। इसका मौजूदा S1 मॉडल से मिलता-जुलता डिजाइन होगा। हालांकि, यह नए ब्रांड नाम के साथ नए प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगा। कीमत के मामले में यह Honda Activa से काफी करीब या उससे भी कम होगी। इस मॉडल के साथ, कंपनी का टारगेट न केवल टियर 1 शहरों, बल्कि टियर 2 और टियर 3 बाजारों पर भी नजर है।”
भाविश अग्रवाल को इस संबंध में एक मेल भेजा गया था, जिसका अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। हालांकि, ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने Moneycontrol से बताया, "हम अक्टूबर 22 के लिए प्लान किए गए लॉन्च और घोषणाओं के बारे में अभी कुछ नहीं कह पाएंगे।"
ओला इलेक्ट्रिक के कोफाउंडर और CEO अग्रवाल ने हाल ही में अपने इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) वाहनों के अपने इरादे के बारे में संकेत दिया था।
उन्होंने ट्वीट किया, "इस महीने हमारे लॉन्च इवेंट के लिए कुछ बड़ी योजना बना रहे हैं! #EndICEAge क्रांति को कम से कम 2 साल तेज कर देगा।”