इलेक्ट्रिक कारें बनानी वाली दिग्गज कंपनी टेस्ला (Tesla) के भारतीय बाजार में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच ब्रोकरेज फर्म CLSA ने अनुमान लगाया है कि टेस्ला अगर भारत में आती है, तो उसकी इलेक्ट्रिक कारों की कीमत यहां कम से कम 35-40 लाख रुपये होगी। ब्रोकरेज ने कहा कि सरकार अगर इंपोर्ट ड्यूटी में 20 फीसदी की कटौती करती है, तो भी उसकी कारों की कीमत इससे कम नहीं होगी।
ब्रोकरेज ने कहा कि टेस्सा की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार Model 3 है। इफैक्ट्री स्तर पर खुदरा कीमत लगभग 35,000 डॉलर (लगभग 30.4 लाख रुपये) है। अगर भारत सरकार की ओर से इंपोर्ट ड्यूटी में 15 से 20 प्रतिशत की कटौती की जाती है, तो भी रोड टैक्स, इंश्योरेंज जैसे दूसरे खर्चों के चलते इसकी ऑन-रोड कीमत लगभग 40,000 डॉलर होगी, जो भारत में लगभग 35-40 लाख रुपये के बराबर है।
यह कीमत महिंद्रा XEV 9e, हुंडई ई-क्रेटा और मारुति सुजुकी ई-विटारा जैसी भारतीय बाजार में पहले से मौजूद इलेक्ट्रिक कारों की तुलना में 20 से 50 प्रतिशत अधिक है। CLSA ने कहा कि भारत में टेस्ला के प्रवेश से भारत के EV मार्केट में कोई बड़ा उथल-पुथल नहीं होने वाला है।
कंप्लीट सर्किल वेल्थ के मैनेजिंग पार्टनर और CIO गुरमीत चड्ढा के मुताबिक, भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप-10 कारों में से केवल दो की कीमत ₹20 लाख से ऊपर है – हुंडई क्रेटा और महिंद्रा स्कॉर्पियो। ऐसे में टेस्ला के आने से कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद कम है।
भारत में Tesla की एंट्री कब होगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Tesla अप्रैल 2025 से भारत में अपनी रिटेल बिक्री शुरू कर सकती है। कंपनी ने नई दिल्ली (एरोसिटी) और मुंबई (बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स) में अपने पहले दो शोरूम खोलने की योजना बनाई है।
शुरुआती चरण में, Tesla अपनी कारों को जर्मनी में मौजूद अपने प्लांट से भारत में आयात करेगी। अगर भारतीय बाजार में इसकी बिक्री सफल रहती है, तो कंपनी भारत में एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी लगा सकती है। आंध्र प्रदेश सरकार ने भी Tesla को अपने राज्य में प्लांट लगाने के लिए आमंत्रित किया है।
Tesla ने भारत में शुरू की भर्ती
Tesla ने हाल ही में भारत में विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें मुंबई के लिए काफी कई जॉब पोस्टिंग देखी गई हैं। इन नौकरियों में सर्विस एडवाइजर, पार्ट्स एडवाइजर, सर्विस टेक्नीशियन, सेल्स एंड कस्टमर सपोर्ट, बिजनेस ऑपरेशंस एनालिस्ट, डिलीवरी ऑपरेशंस स्पेशलिस्ट और इनसाइड सेल्स एडवाइजर जैसे कई पद शामिल हैं।
Tesla के CEO Elon Musk ने कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, जिसके बाद Tesla के भारत में एंट्री की चर्चा तेज हो गई थी। अब इन भर्तियों से यह संकेत मिलता है कि Tesla जल्द ही भारतीय EV बाजार में उतरने की तैयारी में है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।