जब से ट्विटर (Twitter) की कमान टेस्ला के मालिक एलॉन मस्क के हाथों में आई है तब से ही इसमें कई बड़े-छोटे बदलाव देखे जा रहे हैं। इसके चलते ट्विटर पिछले कई महीनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसी कड़ी में अब Twitter ने एक और अजीबोगरीब फैसला किया है। ट्विटर पहला ऐसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बन गया है जहां अब आपको गांजे का विज्ञापन दिखाई देगा। ट्विटर अमेरिका में कैनबिस कंपनियों (Cannabis) को अपने प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन की अनुमति देने जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
एडवरटाइजमेंट पॉलिसी को किया गया है अपडेट
ट्विटर ने अपनी ऐड पॉलिसी को अपडेट किया है। ट्विटर ने बुधवार को अपनी एडवरटाइजमेंट पॉलिसी को अपडेट किया और भांग के विज्ञापन की अनुमति देने वाला अमेरिका का पहला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बन गया। ट्विटर ने कहा कि वह उन कैनबिस कंपनियों को विज्ञापन की अनुमति देगी जिनके पास लाइसेंस होगा। इसके लिए कंपनियों को मल्टी-स्टेज अप्रुवल प्रोसेस से गुजरना होगा। इसके साथ ही, कंपनी इस बात का भी ध्यान रखेगी कि इसके ज़रिए 21 साल से कम उम्र के लोगों को निशाना न बनाया जाए। ट्विटर ने कहा कि इस पॉलिसी का मकसद "रिस्पांसिबल कैनबिस मार्केटिंग" के लिए अधिक अवसर पैदा करना है।
अन्य प्लेटफॉर्म पर क्या है पॉलिसी
बता दें कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "नो कैनबिस एडवरटाइजिंग पॉलिसी" का पालन करते हैं क्योंकि भांग अमेरिका में फेडरल लेवल पर अवैध है। हालांकि, ट्विटर के लिए एक अवसर हो सकता है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, 21 राज्य पहले से ही गांजे के इस्तेमाल को कानूनी मंजूरी देने की ओर बढ़ रहे हैं।
ट्विटर के इस फैसले के बाद ज्यादातर कैनबिस कंपनियां इसे लेकर उत्साहित दिखे। अमेरिका में संचालित सबसे बड़ी भांग कंपनी Curaleaf की केट लिंच ने कहा, "यह बदलाव कैनबिस की मेनस्ट्रीम वेलनेस कैटेगरी के रूप में बढ़ती स्वीकार्यता की बात करता है। हमें उम्मीद है कि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी इस ओर कदम बढ़ाएंगे।