आज के जमाने ये कहावत "ओल्ड इज गोल्ड", सबसे ज्यादा पुराने सिक्कों और नोटों को जमा करने वाले लोगों पर सही साबित होती है। तभी तो इनमें से कई लोग इन सिक्कों और नोटों को ऑनलाइन या नीलामी के दौरान बेचकर रातों-रात करोड़पति बन जाते हैं। हाल ही में, न्यूयॉर्क में एक नीलामी में 1933 का डबल ईगल (Double Eagle) सोने का सिक्का (Gold Coin) रिकॉर्ड-सेटिंग $18.9 मिलियन यानी 138 करोड़ रुपए में बेचा गया था।
इस सिक्के की फेस वैल्यू 20 डॉलर यानी करीब 1,400 रुपए थी, लेकिन इसके मालिक ने इसे 138 करोड़ रुपए में बेच दिया। न्यू यॉर्क शहर में सोथबी में नीलामी से पहले मीडिया प्रिव्यू के दौरान ये सिक्का देखा गया था।
शू डिजाइनर और कलेक्टर स्टुअर्ट वीट्ज़मैन ने इस सिक्के को बेचा है। उन्होंने इसे 2002 में $7.6 मिलियन यानी 55 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत देकर हासिल किया था। उनके पास दुर्लभ और केवल 1933 का डबल ईगल सिक्का था, जिसे कभी भी बेचने की अनुमति दी गई थी।
रॉयटर्स ने बताया कि ये उम्मीद की जा रही थी कि नीलामी के दौरान सिक्का $ 10 मिलियन या 73 करोड़ रुपए और $ 15 मिलियन (100 करोड़ रुपये) के बीच बेचा जाएगा। हालांकि, दुर्लभ सिक्के के लिए बिडिंग वैल्यू बढ़ती रही और आखिरकार इसे 138 करोड़ रुपए में नीलाम किया गया।
सिक्के में एक तरफ उड़ते हुए एक अमेरिकी ईगल का एक डिजाइन है और दूसरी तरफ आगे बढ़ती हुई लेडी लिबर्टी। ये अमेरिका में प्रचलन में आखिरी सोने का सिक्का था।