चीन के सिचुआन राज्य में 9 वर्षों का सबसे तगड़ा भूकंप आया जिसके चलते कम से कम सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। चीन के टेलीविजन सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक चीन के सिचुआन (Sichuan) राज्य में पश्चिमी हिस्से में स्थित पहाड़ी क्षेत्र में 5 सितंबर को 12:52 pm (स्थानीय समय) 6.8 तीव्रता वाला मजबूत भूकंप के झटके महसूस हुए। इसके चलते कम से कम सात लोगों की जिंदगी खत्म होने की जानकारी अब तक सामने आई है।
चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र सिचुआन की राजधानी चेंगडू (Chengdu) से दक्षिण पश्चिम में 180 किमी दूर 16 किमी की गहराई पर है। भूकंप का केंद्र ल्यूडिंग शहर में है। भूकंप आने के कुछ ही मिनट के भीतर चेंगडू से 100 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित यान में भी 4.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए।
करीब नौ साल पहले आया था 7.0 तीव्रता का भूकंप
इससे पहले वर्ष 2013 में यान में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया था। इस हादसे में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग घायल हुए थे। इससे पहले वर्ष 2008 में वेंचुआन में 8.0 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस हुए थे और इसके चलते करीब 70 हजार लोगों की मौत हुई थी और इसने सिचुआन में काफी नुकसान किया था। अब आज जो भूकंप आया है, वह सिचुआन में 2013 के बाद से सबसे शक्तिशाली माना जा जार रहा है और इसके झटके चेंगडू, शियान और चंगशा तक महसूस किए गए हैं।