Elon Musk Vs Apple: Elon Musk के लिए चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। खासकर Twitter को खरीदने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। वह निगेटिव खबरों के चलते लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एलॉन मस्क Tesla के सीईओ हैं। टेस्ला के शेयरों में कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। इससे मस्क का नेटवर्थ भी घटा है। मस्क ने ट्विटर को खरीदने के बाद इसके आधे एंप्लॉयीज को नौकरी से हटा दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के फीचर्स में भी बदलाव किए गए हैं। अब, मस्क आईफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी Apple से टकराते नजर आ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने कई ट्वीट किए हैं। इसमें उन्होंने कहा है कि एपल ने Twitter पर ऐड घटा दिया है। एपल ने अपने ऐप स्टोर से ट्विटर को हटाने की भी धमकी दी है। मस्क ने इस पर नराजगी जताई है।
मस्क को उठाना पड़ सकता है ज्यादा नुकसान
एलॉन मस्क ने यह पूछा है कि क्या एपल फ्री-स्पीच से नफरत करती है। उन्होंने ऐप फीस के लिए भी एपल की आलोचना की है। उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या एपल उनकी दूसरी कंपनी Tesla को भी निशाना बनाएगी। Apple पर निशाना साधने से मस्क की मुश्किल बढ़ सकती है। इसकी वजह यह है कि ट्विटर के रेवेन्यू के लिहाज से Apple बहुत मायने रखती है। यह ट्विटर के सबसे बड़े एडवर्टाइजर्स में से एक रही है। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि ट्विटर में एक अलग टीम थी, जो सिर्फ एपल से जुड़े कामकाज को देखती थी। एक सूत्र ने बताया कि ट्विटर को एपल सालाना 10 करोड़ डॉलर का ऐड देती थी।
एपल और ट्विटर के बीच रहे हैं बहुत अच्छे रिश्तें
सीनियर मार्केटिंग एंड मीडिया एग्जिक्यूटिव Lou Pakalis ने कहा, "Elon Musk अब रिस्क ले रहे हैं। एपल उनसे विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहती।" दोनों कंपनियों के बीच करीबी रिश्ते का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि Twitter के यूजर्स के लिए Apple एक अलग गेटवे का इस्तेमाल करती है। अगर एपल इस गेटवे को बंद कर देती हैं तो इससे दुनिया में 1.5 अरब से ज्यादा डिवाइस ट्विटर से अलग हो जाएंगे। हालांकि, कुछ मामलों में एपल के खिलाफ मस्क की लड़ाई में उन्हें बढ़त मिल सकती है। टेस्ला के सीईओ खुद को फ्री-स्पीच के पैरोकार बताते रहे हैं। उनके करोड़ों फैंस इस मामले में उनका समर्थन करते हैं। एपल के ऐप स्टोर की फीस को लेकर कई सॉफ्टेवटर डेवेलपर्स, लॉमेकर्स और रेगुलेटर्स आवाज उठा चुके हैं। इस तरह मस्क का पलड़ा भारी लगता है।
एपल ने ट्विटर पर ऐड काफी घटा दिया है
एपल ने इस मसले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। ट्विटर्स के कुछ यूजर्स ने सोमवार को बताया कि उनकी फीड में Apple के ऐड दिख रहे हैं। लेकिन, मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि एपल ने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना ऐड खर्च घटाया है। एपल के अधिकारी कई मसलों पर बातचीत करने के लिए हर हफ्ते एक बार ट्विटर के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हैं। एपल दूसरे बड़े सोशल नेटवर्किंग ऐप्स के साथ भी इस तरह की मीटिंग्स करती है। Twitter पर एपल बहुत ज्यादा निर्भर रही है, क्योंकि यह फेसबुक (Facebook) पर ऐड नहीं देती है।