Elon Musk offers to buy Twitter : एलॉन मस्क ने 54.20 रुपये प्रति शेयर की दर से ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया है। मस्क ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया कंपनी को पूरी तरह प्राइवेट बनने की जरूरत है। टेस्ला के सीईओ के ट्विटर में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के खुलासे के एक हफ्ते के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
मौजूदा स्थिति में आगे नहीं बढ़ सकती कंपनी
मस्क ने ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टेलर (Bret Taylor) को इस संबंध में एक लेटर लिखा है और इस बारे में एक सिक्योरिटीज फाइलिंग में खुलासा किया है। मस्क ने लिखा, “मैंने Twitter में निवेश किया है, क्योंकि मैं दुनिया भर में फ्री स्पीच के लिए इस प्लेटफॉर्म की क्षमताओं को जानता हूं। मैं मानता हूं कि एक डेमोक्रेसी के लिए फ्री स्पीच बेहद जरूरी है।”
मस्क के मुताबिक, सोशल मीडिया कंपनी को निजी बनने की जरूरत है क्योंकि मौजूदा हालात में वह “न तो आगे बढ़ सकती है, न ही सेवा दे सकती है।”
…तो शेयरहोल्डर के तौर पर अपनी पोजिशन पर विचार करेंगे मस्क
उन्होंने लिखा, “नतीजतन, मैं कैश में 54.20 डॉलर प्रति शेयर की दर से Twitter की 100 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की पेशकश करता हूं। जब मैंने ट्विटर में निवेश शुरू किया था, उससे यह 54 फीसदी महंगा और जब मैंने अपने निवेश का खुलासा किया था, उससे 38 फीसदी महंगा ऑफर है।” उन्होंने कहा, मेरा ऑफर सबसे अच्छा और फाइनल है। मस्क ने कहा, “अगर इसे स्वीकार नहीं किया जाता है तो मैं शेयरहोल्डर के रूप में अपनी पोजिशन पर फिर से विचार करूंगा।” बुधवार को 45.85 डॉलर प्रति शेयर पर बंद होने के बाद ट्विटर के शेयर प्रीमार्केट ट्रेडिंग में 12 फीसदी उछल गए हैं।
4 अप्रैल को मस्क ने हिस्सेदारी का किया था खुलासा
मस्क ने सबसे पहले 4 अप्रैल को सोशल मीडिया कंपनी में अपनी स्टेक के बारे में खुलासा किया था। बाद में वह कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन किसी वजह से उन्होंने अपनी योजना बदल दी।
टेस्ला के सीईओ (Tesla CEO) ने पूर्व में सार्वजनिक रूप से सोशल मीडिया कंपनी की आलोचना की थी, साथ ही पोल करके पूछा था कि क्या कंपनी फ्री स्पीच के सिद्धांतों से बंधी हुई है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह एक नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाने पर विचार कर रहे हैं।
इस महीने 18 फीसदी चढ़ा Twitter का शेयर
मस्क की तरफ से आ रही खबरों के कारण हाल के हफ्तों में ट्विटर के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिली। इस साल अभी तक शेयर 6 फीसदी और इस महीने की शुरुआत से 18.5 फीसदी मजबूत हो चुका है। ट्विटर के लिए मस्क के ऑफर की वैल्यू लगभग 43 अरब डॉलर है।