हवाई यात्री उस वक्त हैरान रह गए जब दुबई से न्यूजीलैंड जाने वाली अमीरात (Emirates) की फ्लाइट को टेकऑफ करने के 13 घंटे बाद वापस उसी एयरपोर्ट पर लैंड करनी पड़ी। जी हां, फ्लाइट दुबई (Dubai) से उड़ान भरने के बाद करीब 13 घंटे तक यात्रियों को हवा में चक्कर लगाती रही। दरअसल ऐसा ऑकलैंड एयरपोर्ट (Auckland Airport) पर भयंकर बाढ़ के कारण हुआ। बाढ़ की वजह से वीकेंड में एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था। ऑकलैंड एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा कि यह बेहद निराशाजनक है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण है।
The National News के मुताबिक, दुबई से ऑकलैंड जाने वाली अमीरात फ्लाइट नंबर EK448 (Emirates flight EK448) शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे UAE से रवाना हुई। फ्लाइट ने दुबई एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और 13 घंटे तक हवा में उड़ने के बाद असामान्य घटना के चलते वापस उसी एयरपोर्ट पर उतर गई, जहां से उसने टेकऑफ किया था।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के मुताबिक, पायलट ने लगभग साढ़े 13 घंटे की यात्रा के बाद आधे रास्ते में ही यू-टर्न ले लिया। फ्लाइट शनिवार की मध्य रात्रि को वापस दुबई एयरपोर्ट पर उतरा। बताया जा रहा है कि पायलट ने फ्लाइट को यूटर्न इसलिए लिया, क्योंकि न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में भयंकर बाढ़ आई है। इसके चलते वीकेंड पर एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था।
ऑकलैंड एयरपोर्ट ने ट्वीट कर कहा कि यह बेहद निराशाजनक है। लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण कदम उठाना जरुरी है। ऑकलैंड एयरपोर्ट हमारे इंटरनेशनल टर्मिनल को हुए नुकसान का आंकलन कर रहा है। दुर्भाग्य से यह निर्धारित किया गया है कि आज कोई इंटरनेशनल फ्लाइट यहां से संचालित नहीं हो सकती हैं। हम जानते हैं कि यह बेहद निराशाजनक है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अमीरात की फ्लाइट को अंततः रिशेड्यूल किया गया और रविवार (29 जनवरी) को दूसरी बार दुबई से उड़ान भरी।
यह फ्लाइट 16 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद सोमवार को न्यूजीलैंड में सुरक्षित रूप से लैंड किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बाढ़ के कारण ऑकलैंड एयरपोर्ट पर पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है।