Imran Khan Arrest Highlights: इमरान खान की गिरफ्तारी पर दूसरे दिन भी हिंसा जारी, 4 लोगों की मौत
Imran Khan Arrest LIVE Updates: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बुधवार को एक स्पेशल कोर्ट के सामने पेश किया गया। हालांकि, ये सुनवाई किसी अदालत में नहीं बल्कि, उसी जगह पर हुई, जहां गिरफ्तारी के बाद PTI प्रमुख को रखा गया था। अल-कादिर ट्रस्ट मामले (Al-Qadir Trust Case) में इमरान खान को आठ दिन की NAB रिमांड पर भेज दिया गया है। पाकिस्तान के हर बड़े अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए Moneycontrol Hindi के साथ...
पेशावर में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थकों ने एक गाड़ी में लगाई आग (PHOTO-AP)
Imran Khan Arrest Highlights: पाकिस्तान (Pakistan) में फिलहाल इमरान खान (Imran Khan) की गिरफ्तारी के बाद हालात बेहद ही नाजुक हो गए हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और उसके अध्यक्ष के समर्थक सड़कों पर उतार आए हैं और जमकर हिंसा और बवाल मच रहा है। इमरान खान को बुधवार को एक स्पेशल कोर्ट के सामने पेश किया गया। हालांकि, ये सुनवाई किसी अदालत में नहीं बल्कि, उसी जगह पर हुई, जहां गिरफ्तारी के बाद PTI प्रमुख को रखा गया था। अल-कादिर ट्रस्ट मामले (Al-Qadir Trust Case) में इमरान खान को आठ दिन की NAB रिमांड पर भेज दिया गया है। NAB ने स्पेशल कोर्ट से PTI प्रमुख की 14 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
वहीं इसके अलावा पाकिस्तान की एक अदालत ने इमरान खान को बुधवार को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में आरोपित किया, जो एक दिन पहले गिरफ्तार हुए पूर्व प्रधानमंत्री के लिए एक और नया संकट है। खान, प्रधानमंत्री रहने के दौरान तोशाखाना से एक महंगी घड़ी सहित कई दूसरे तोहफे खरीदने और लाभ हासिल करने के लिए उन्हें बेचने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार रात इमरान खान को भी इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) से झटका लगा। कोर्ट ने खान की गिरफ्तारी को बरकरार रखते हुए कहा कि नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) ने उनकी पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इमरान खान को मंगलवार को देश के अर्धसैनिक बलों ने उस समय गिरफ्तार कर लिया था, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिए इस्लामाबाद हाई कोर्ट में मौजूद थे। इमरान की गिरफ्तारी के बाद उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (PTI) के समर्थकों ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किए।
Imran Khan Arrest Highlights:
VIDEO: इमरान खान के समर्थकों ने सेना के अधिकारी के घर में जमकर मचाई लूट
भ्रष्टाचार के एक मामले में पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की गिरफ्तारी के बाद देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन (Protest) हुए। PTI प्रमुख के समर्थक उनकी रिहाई की मांग के लिए सड़कों पर उतर आए। जहां कई प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जता रहे थे, तो कुछ ने हिंसा और लूटपाट का सहारा भी लिया, पढ़ें पूरी रिपोर्ट...
सेना ने इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद मचे बवाल को बताया 'काला अध्याय'
आखिरकार पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) भी राजनीतिक विवाद में कूदने से खुद को रोक नहीं पाई और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए- इंसाफ (PTI) की जमकर आलोचना भी की। सशस्त्र बलों ने बुधवार को कहा कि 9 मई, 2023 को इतिहास में एक "काले अध्याय" (Dark Chapter) के रूप में जाना जाएगा, पढ़ें पूरी खबर...
पहले हाई कोर्ट के मेन गेट पर थी इमरान खान को गिरफ्तार करनी की तैयारी
पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान (Imran Khan) को गिरफ्तार करने की योजना को आखिरी समय में बदल दिया गया था। पाकिस्तानी अखबार Dawn ने दावा किया कि "रेंजर्स ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) के परिसर से पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान को गिरफ्तार किया, जबकि पहले ये काम राजधानी की पुलिस को दिया गया था।" पढ़ें पूरी खबर...
इमरान खान के लिए बहुत ही बुरा रहा आज का दिन
दिनभर के तमाम पहलुओं और अदालती आदेशों को देखा जाए, तो बुधवार का दिन इमरान के लिए अच्छा नहीं रहा, ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें आज एक ही दिन में अदालत के तीन फैसलों से बड़ा झटका लगा है, पढ़ें पूरी रिपोर्ट...
'पेशावर में एंबुलेंस में लगाई गई आग'
एधी के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, खैबर पख्तूनख्वा में पेशावर के जीटी रोड पर जिन्ना पार्क के पास प्रदर्शनकारियों ने एक एम्बुलेंस में आग लगा दी और तोड़फोड़ कर दी।
एंबुलेंस घायलों को अस्पताल ले जा रही थी। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि एक और एम्बुलेंस को भी नुकसान पहुंचा है।
'पेशावर में 4 की मौत, दर्जनों घायल'
खुरासान डायरी के पत्रकार इफ्तिखार फिरदौस के मुताबिक, पेशावर में चार लोगों की मौत और एक दर्जन से ज्यादा के घायल होने की खबर है। उन्होंने कहा कि शवों और घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल ले जाया गया है और उनमें से कई की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। फिरदौस ने ये भी कहा कि शहर में सड़कों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
4 bodies and 27 injured have been received at the Lady Reading Hospital in Peshawar. Some of them have been identified and other have not. The situation on the road is now becoming more violent. More than 30 arrests have also been made. #Peshawar
— Iftikhar Firdous (@IftikharFirdous) May 10, 2023
तोशखाना मामले में इमरान खान दोषी करार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। अदालत ने PTI प्रमुख को तोशखाना मामले में दोषी करार दिया है। मामले की सुनवाई पर पेश न होने के चलते उन्हें दोषी करार दिया गया है।
क्या है अल-कादिर ट्र्स्ट केस, जिसमें गिरफ्तार हुए इमरान?
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख और देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को मंगलवार को इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया था। खान IHC में दो केस की सुनवाई के लिए पहुंचे थे। इसके बाद, इस्लामाबाद पुलिस ने IG अकबर नासिर खान के हवाले से एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया था कि इमरान को अल कादिर ट्रस्ट मामले (Al-Qadir Trust Case) में गिरफ्तार किया गया था, पढ़ें पूरी खबर...
लाहौर के शादमान पुलिस स्टेशन पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, PTI कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर लाहौर में शादमान पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया, जिससे परिसर का एंट्री गेट और दूसरी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने पुष्टि की कि हमलावर बड़ी संख्या में एक ट्रक पर सवार होकर पहुंचे और पुलिस थाने पर हमला किया।
कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पंजाब में सेना तैनात
आंतरिक मंत्रालय ने "नागरिक शक्ति की सहायता में" प्रांत में कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पंजाब में पाकिस्तानी सेना को तैनात कर दिया है।
Dawn के मुताबिक, एक नोटिफिकेशन में कहा गया है, "सैनिकों की सही संख्या/संपत्ति, तैनाती की तारीख और क्षेत्र का निर्धारण प्रांतीय सरकार की तरफ से MO Dte, GHQ के परामर्श से किया जाएगा।"
इसमें कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विचार-विमर्श के बाद सैनिकों की मांग रद्द करने की तारीख तय की जाएगी।
PTI के महासचिव असद उमर गिरफ्तार
इस्लामाबाद पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते ने PTI के महासचिव असद उमर को IHC परिसर से गिरफ्तार किया। Geo News के मुताबिक, उमर को आईएचसी बार एसोसिएशन के कार्यालय के बाहर से गिरफ्तार किया गया था, जहां वे IHC में याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे थे। वह खान से मिलने की गुहार लगा रहे थे।
पीटीआई के वकीलों ने पुलिस को बल को गिरफ्तार करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस उमर को ले गई और उनकी सभी कोशिशें नाकाम रहीं।
इस बीच, पुलिस ने पार्टी के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को भी गिरफ्तार करने की कोशिश की। हालांकि, पूर्व विदेश मंत्री को उनके साथी नेताओं और कानूनी टीम ने बचा लिया था।
अहसान इकबाल ने इमरान पर आत्मरक्षा के लिए अराजकता फैलाने का आरोप लगाया
योजना मंत्री अहसान इकबाल ने PTI प्रमुख इमरान खान की उनके पिछले बयानों के बावजूद अदालत में पेश नहीं होने की आलोचना की है। उन्होंने पूर्व प्रधान मंत्री से कानून के शासन को बनाए रखने और अपने वादों को निभाने का आग्रह किया।
इस्लामाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, इकबाल ने इमरान पर एक पूर्व खिलाड़ी होने के बावजूद "फासीवाद का प्रदर्शन" करने का आरोप लगाया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक पब्लिक फिगर होने के बावजूद, पूर्व पीएम को खेल भावना, सहिष्णुता और कानून के शासन के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय, उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए देश में अराजकता और विनाश को भड़काने का विकल्प चुना है।
सुप्रीम कोर्ट पहुंची PTI
PTI ने सुप्रीम कोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मंगलवार के फैसले को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की है। एक दिन पहले ही IHC ने खान की गिरफ्तारी को सही ठहराया था।
Dawn के मुताबिक, वकील अली जाफर और PTI नेता फवाद चौधरी ने सुप्रीम कोर्ट में एक एप्लीकेशन दायर की है।
कोर्ट में नहीं होगी इमरान की पेशी
ऐसा बताया जा रहा है कि पेशी के लिए इमरान खान को अदालत में नहीं लाया जाएगा। इस्लामाबाद के चीफ कमिश्नर ने कहा कि खान को अदालत में नहीं लाया जाएगा और उनकी निर्धारित सुनवाई उसी जगह पर होगी, जहां उन्हें हिरासत में रखा गया है।
Geo News के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार के नोटिफिकेशन में कहा गया, खान को F-8 कोर्ट कॉम्प्लेक्स और ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स G 11/4 में ले जाने के बजाय न्यू पुलिस गेस्ट हाउस, पुलिस लाइंस में पेश किया जाएगा, जिसे इस विशेष सुनवाई के लिए अदालत का एकमुश्त दर्जा दिया गया है।
NAB अदालत के बजाय खान को विशेष अदालत में पेश करने का फैसला उनकी जान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, PTI प्रमुख को भी NAB के कार्यालय से देर रात किसी अज्ञात जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है।
पंजाब में आज स्कूल बंद; नौवीं कक्षा का पेपर स्थगित
पंजाब उच्च शिक्षा विभाग ने सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी को बंद करने के साथ-साथ आज होने वाले नौवीं कक्षा के पेपर को स्थगित करने की घोषणा की है। HED सचिव जावेद अख्तर महमूद ने पुष्टि की कि सभी कॉलेज और विश्वविद्यालय भी बंद रहेंगे।
Dawn के मुताबिक, उन्होंने कहा कि 10 मई के पेपर की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी, जबकि बाकी पेपर शेड्यूल के अनुसार होंगे। इसी तरह सरकारी और प्राइवेट स्कूल भी बंद रहेंगे।
KSE-100 135 अंक नीचे
पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) सुबह 11 बजकर 27 मिनट पर 135 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। बेंचमार्क KSE-100 इंडेक्स कल के बंद भाव से 41,373.81 से 41,238.47 पर था।
आर्मी हेडक्वार्टर में घुसे PTI समर्थक, देशभर में प्रदर्शन
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थक मंगलवार शाम को रावलपिंडी में सेना मुख्यालय और लाहौर में कॉर्प्स कमांडर के घर में घुस गए। खान के समर्थकों ने गुजरांवाला कैंटोनमेंट एंट्रेंस को आग लगा दी। Dawn के मुताबिक, लाहौर में PTI कार्यकर्ता लिबर्टी चौक पर जमा हुए और जिन्ना हाउस के बाहर विरोध करने के लिए कैंट एरिया की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और गठबंधन विरोधी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। सेना के अधिकारियों की पत्नियों और परिवार के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर हिंसा की तस्वीरें पोस्ट की हैं। भीड़ ने PML-N के मॉडल टाउन दफ्तर में भी तोड़फोड़ की और पीएम शहबाज शरीफ के निजी घर में आग लगा दी। पढ़ें पूरी खबर...
अब तक के बड़े अपडेट्स
- इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया।
- गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने कहा कि PTI प्रमुख NAB की हिरासत में हैं।
- PTI ने गिरफ्तारी के बाद 2022 से इमरान का प्री-रिकॉर्डेड वीडियो जारी किया।
- इमरान की गिरफ्तारी पर कानूनी विशेषज्ञों ने जताई आपत्ति, कहा 'खराब नजरिया।'
- Geo News के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि NAB इमरान खान की 14 दिन की फिजिकल रिमांड लेने की योजना बना रहा है।
- सुनवाई उसी जगह पर होगी, जहां इमरान खान हिरासत में है।
- इमरान खान पर तोशखाना मामले में आज आरोप तय किए जाएंगे।
- पंजाब के पूर्व राज्यपाल ओमर चीमा भी गिरफ्तार।
- न्यायाधीशों को ताजा घटनाक्रम से अवगत कराने के लिए PTI नेता IHC पहुंचे।
- शाह महमूद कुरैशी ने 7 सदस्यीय समिति की बैठक बुलाई।
- ब्रॉडबैंड सेवाएं अनिश्चित काल के लिए निलंबित रहेंगी।
- आंतरिक मंत्रालय के निर्देश पर पाकिस्तान में मोबाइल ब्रॉडबैंड सस्पेंड।
सुप्रीम कोर्ट जाएगी PTI
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (PTI) ने बुधवार को घोषणा की कि वह इस्लामाबाद हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी, जिसमें पार्टी प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी को वैध करार दिया गया है। स्थानीय मीडिया में बुधवार को प्रकाशित एक खबर में यह जानकारी दी गई है।
Geo News की खबर के मुताबिक, इमरान की गिरफ्तारी के बाद पीटीआई उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी ने स्थिति का जायजा लेने और पार्टी प्रमुख की जल्द से जल्द सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने की व्यापक रणनीति तैयार करने के लिए सात सदस्यीय समिति की आपात बैठक बुलाई।
खबर के अनुसार, कुरैशी ने समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया, जिनमें सीनेटर सैफुल्ला खान न्याजी, आजम स्वाति, एजाज चौधरी, मुराद सईद, अली अमीन खान गंडापुर और हसन नियाजी शामिल हैं।
हाई कोर्ट के बाहर से गिरफ्तार हुए इमरान खान
इमरान खान को मंगलवार को देश के अर्धसैनिक बलों ने उस समय गिरफ्तार कर लिया था, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिए इस्लामाबाद हाई कोर्ट में मौजूद थे। इमरान की गिरफ्तारी के बाद उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (PTI) के समर्थकों ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किए।
इमरान की पार्टी ने दावा दिया है कि सुरक्षा बलों और PTI के बीच हिंसक झड़पों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए।