Holi 2024: देश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया है। इसके साथ ही देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोगों के बीच हिंदू त्योहार की रौनक देखने को मिली है। इस बीच इजराइल में भी लोगों ने होली का त्योहार मनाया है। दरअसल, इजराइल और हमास के बीच काफी तनाव देखने को मिला है और दोनों के बीच जंग के हालात है।
इस बीच इजराइल में 2000 से ज्यादा लोगों ने होली मनाई है। इजराइल में 2000 से ज्यादा लोगों ने तेल अवीव के एक बाजार में भारतीय नृत्य, शास्त्रीय संगीत का आनंद लेते हुए होली खेली। इसके साथ ही यहूदी समुदाय का त्योहार ‘पुरिम’ भी मनाया गया।
इजराइल में भारतीय दूतावास के सहयोग से तेल अवीव नगरपालिका ने दोनों त्योहारों को मनाने के लिए आयोजन किया। हर साल एक ही दिन या एक दिन आगे पीछे दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। इस कार्यक्रम में पूरे देश से भारतीय मूल के इजरायली और भारतीय छात्रों सहित हजारों भारतीय शामिल हुए।
होली को रंगों का त्योहार भी कहा जाता है और यहूदियों का त्योहार पुरिम में लोग रंग-बिरंगे कपड़े पहनते हैं। दोनों में कई समानताएं हैं। दोनों त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाए जाते हैं। दोनों त्योहार लगभग एक ही समय मनाए जाते हैं, वसंत के आगमन और सर्दियों का अंत पर। दोनों त्योहार बाहर मनाए जाते हैं, जहां समुदाय एक साथ आते हैं, नाचते हैं, गाते हैं, खाते हैं और एकजुटता की भावना से मौज-मस्ती करते हैं।"
इस दौरान बांसुरी, तबला और सितार बजाने वाले तीन इजराइली कलाकारों के जरिए एक शास्त्रीय भारतीय वाद्य संगीत प्रदर्शन, 'त्रिकुंड्रम' और इजराइली कलाकारों के जरिए एक भारतीय शास्त्रीय नृत्य प्रदर्शन भी किया गया। वहीं मेंहदी के स्टॉल भी देखने को मिले।