Kuwait Fire: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह कुवैत रवाना, भीषण आग से 41 भारतीयों सहित 49 की मौत

Kuwait Fire Tragedy: प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना को 'दुखद' बताया तथा विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की

अपडेटेड Jun 13, 2024 पर 9:16 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kuwait Building Fire: कुवैत के दक्षिणी अहमदी गवर्नरेट के मंगाफ क्षेत्र में स्थित 6 मंजिला इमारत के रसोईघर से आग लगी

Kuwait Fire Tragedy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह आग में घायल हुए भारतीयों की सहायता की निगरानी करने और मारे गए लोगों के शवों को स्वदेश पहुंचाने के कार्य में सहयोग के लिए कुवैत रवाना हो चुके हैं। दक्षिणी कुवैत के मंगफ क्षेत्र में विदेशी मजदूरों वाली एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से करीब 41 भारतीयों की मौत हो गई और 50 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि अल-मंगफ नामक इस इमारत में भीषण आग लगने से कुल 49 लोगों की जान गई है जिनमें से 41 से 42 के बारे में माना जा रहा है कि वे भारतीय थे। बाकी पाकिस्तान, फिलीपिन, मिस्र, नेपाल के नागरिक थे।

दिल्ली एयरपोर्ट से कुवैत के लिए रवाना होने से पहले विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गुरुवार (13 जून) सुबह पत्रकारों से कहा, "हमने कल (12 जून) शाम पीएम के साथ बैठक की... वहां पहुंचते ही स्थिति साफ हो जाएगी... स्थिति यह है कि पीड़ित ज्यादातर लोग जल गए हैं और कुछ शव इतने जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। पीड़ितों की पहचान के लिए एक DNA टेस्ट चल रहा है। जैसे ही शवों की पहचान हो जाएगी, उनके परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा और शवों को वापस वायुसेना के प्लेन से लाया जाएगा... हमारे पास कल रात के नवीनतम आंकड़े हैं, हताहतों की संख्या लगभग 48-49 है, इनमें से 42 या 43 भारतीय लोग हैं।"

पीएम मोदी ने जताया दुख


विदेश मंत्रालय ने बुधवार देर रात एक बयान में कहा, "कुवैत के मंगफ क्षेत्र में एक आवासीय इमारत में आज दिन में आग की एक दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद घटना में करीब 40 भारतीयों के बारे के माना जा रहा है कि उनकी जान चली गई तथा 50 से अधिक अन्य घायल हो गये। इस इमारत में श्रमिक रहते थे।"

प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना को 'दुखद' बताया तथा विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी के मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की।

PM मोदी ने इस 'दुर्भाग्यपूर्ण घटना' पर गहरा दुख प्रकट किया और शोक संतप्त परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि भी घोषित की। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार को सभी संभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।

विदेश मंत्री ने की बात

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फोन पर अपने कुवैती समकक्ष अब्दुल्ला अली अल-याह्या से बातचीत की और उनसे यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि आग लगने के कारण जान गंवाने वाले भारतीयों के शव शीघ्र भारत भेजे जाएं। सरकारी बयान के अनुसार पीएम मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और निर्देश दिया कि भारत सरकार सभी संभव सहायता उपलब्ध कराए।

एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि कुवैत में भारतीय दूतावास कुवैती अधिकारियों से पूरा ब्योरा जुटाने में लगा है। जयशंकर ने एक बयान में कहा, "कुवैत सिटी में आग की घटना की खबर से गहरा सदमा लगा है। हमारे राजदूत शिविर में गए हैं। हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।"

दम घूटने से हुई मौत

अधिकारियों ने कहा कि ज्यादातर लोगों की मौत धुएं से दम घुटने के कारण तब हुई जब वे सोए हुए थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग कुवैत के दक्षिणी अहमदी गवर्नेट के मंगफ क्षेत्र में छह मंजिला इमारत की रसोई में लगी। उन्होंने कहा कि इमारत में एक ही कंपनी के 195 मजदूर रहते थे। 'कुवैत टाइम्स' अखबार की खबर के अनुसार, गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आग से मरने वालों की संख्या 49 तक पहुंच गई है।

मंत्रालय ने कहा कि आपराधिक साक्ष्य विभाग के कर्मी वर्तमान में घटनास्थल पर मृतकों की पहचान करने और आग के कारण जानने पर काम कर रहे हैं। इसने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले भवन मालिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। 'अरब टाइम्स' के मुताबिक, मृतकों में अधिकतर केरल, तमिलनाडु और उत्तर भारतीय राज्यों के भारतीय नागरिक शामिल हैं जिनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच थी। सूत्रों ने बताया कि मरने वालों में अन्य देशों के भी कुछ नागरिक शामिल हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी

कुवैत में भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, "आज भारतीय कामगारों को चपेट में लेने वाली दुखद अग्नि दुर्घटना के संबंध में, दूतावास ने एक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया है: +965-65505246। सभी संबंधित लोगों से अद्यतन जानकारी के लिए इस हेल्पलाइन से जुड़ने का अनुरोध किया जाता है। दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।" कुवैत की कुल आबादी का 21 प्रतिशत (10 लाख) और इसकी श्रमशक्ति का 30 प्रतिशत (लगभग नौ लाख) भारतीय हैं।

ये भी पढ़ें- Terror Attacks In J&K: डोडा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी जारी, 100 घंटों में हुए 4 आतंकी हमले

कुवैत में भारतीय राजदूत आदर्श स्वैका ने घटनास्थल और बाद में विभिन्न अस्पतालों (अल-अदान अस्पताल, फरवानिया अस्पताल, मुबारक अल-कबीर अस्पताल और जहरा अस्पताल) का दौरा किया जहां 50 से अधिक घायल भारतीय श्रमिकों को भर्ती कराया गया है। कुवैत के गृह मंत्री शेख फहद अल-यूसुफ अल सबाह ने आग की घटना की जांच के आदेश दिए और अल-मंगफ इमारत के मालिक तथा चौकीदार को पकड़ने के निर्देश जारी किए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।