Get App

एक प्रेमकहानी उर्फ मेगन मार्केल, ओपरा विनफ्रे का इंटरव्यू और औरत होने की सजा

प्रिंस हैरी से शादी करके मेगन को राजकुमार तो मिला लेकिन ब्रिटिश राजघराने के भितरखाने चलने वाले रंगभेद-नस्लभेद पर अंगुली उठाने के बाद मेगन मार्केल सिर्फ औरत होकर रह गई है!

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 13, 2021 पर 9:55 AM
एक प्रेमकहानी उर्फ मेगन मार्केल, ओपरा विनफ्रे का इंटरव्यू और औरत होने की सजा

चंदन श्रीवास्तव

पति-पत्नी दोनों राजघराने के हैं। वैसे तो वह ब्रिटिश प्रिन्स है लेकिन ओप्रा विन्फ्रे के इंटरव्यू में अपनी अमेरिकन पत्नी की हां में हां मिलाने के बाद से सिर्फ हैरी भर रह गया है-बहुत कुछ उतना ही उदास और अकेला जितना कि घर से बगावत कर अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में निकला कोई लड़का हो सकता है।

यों तो इस प्रिन्स से शादी के बाद वह अमेरिकन एक्ट्रेस नहीं सिर्फ डचेस ऑफ ससेक्स बनकर रह गई थी और दुनिया भर की औरतों को लगा था कि एक परीकथा सच हुई है, प्रिन्सेस को उसका प्रिन्स मिल गया है मगर ओपरा विन्फ्रे के इंटरव्यू में ब्रिटिश राजघराने के भितरखाने चलने वाले रंगभेद-नस्लभेद पर अंगुली उठाने के बाद मेगन मार्केल सिर्फ औरत होकर रह गई है!

-फकत औरत ! जो घर बसाने की जिद में सारी उम्र गुजारती है और उम्र की एक ढलान पर पहुंचकर उसे लगता है कि घर तो कहीं है ही नहीं, सिर्फ एक के घर से निकलना और दूसरे के घर में जाना भर हुआ है और इस सच को उसका दिल ठीक से मंजूर करे इसके पहले ही दुनिया के सारे घरों से उसे हमेशा के लिए निकाल दिया जाता है !

दिल-ए-नादां तुझे हुआ क्या है..

ओपरा विनफ्रे का मशहूर टॉक-शो... प्रिन्स हैरी और मेगन मार्केल का इंटरव्यू... फेसबुक पर मानों आग लगी है, औरत होने के सारे दुख दहक रहे हैं। फेसबुक पर चढ़ी एक पोस्ट लाइकस् बटोरती दूसरी पोस्ट से हैरत से कह रही है-देखो तो  दुनिया को सभ्यता सिखाने का दावा करने वाला ब्रिटिश राजघराने को !... इस राजमहल में इतिहास अपने को दोहरा रहा है..

परायेपन का जो बरताव लेडी डायना के साथ हुआ कुछ वही सलूक राजमहल में डायना की बहू मेगन मार्केल के साथ किया इन लोगों ने। यह घराना तो इस इक्कीसवीं सदी में भी नहीं बदला, कोख में पलते बच्चे की चमड़ी के बारे में पूछ रहा है कि रंग उसका उतना उजला होगा या नहीं जितना कि ब्रिटिश राजकुंवर और राजकुंवरियों का होता आया है !

सब समाचार

+ और भी पढ़ें