Pakistan News: पाकिस्तान को फिर से दुनिया के सामने शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। पिछले 24 घंटों में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और चीन समेत दुनिया के सात देशों ने 258 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस स्वदेश भेज दिया है। इमिग्रेशन अधिकारियों के हवाले से पाकिस्तानी मीडिया में चल रही एक रिपोर्ट के अनुसार, कराची के जिन्ना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे 258 लोगों में से 244 को आपातकालीन यात्रा दस्तावेजों के आधार पर निर्वासित किया गया। जबकि 14 के पास वैध पाकिस्तानी पासपोर्ट थे। केवल 16 निर्वासितों को संदिग्ध पहचान के कारण गिरफ्तार किया गया, बाकी को केवल पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया।
पाकिस्तान के प्रमुख समाचार चैनल 'जियो न्यूज' ने बताया कि सऊदी ने 232 लोगों को निर्वासित किया। इनमें सात भिखारी, बिना परमिट के हज करते पकड़े गए लोग और अपनी सजा पूरी करने के बाद वापस भेजे गए लोग शामिल हैं। इसके अलावा वे पाकिस्तानी शामिल हैं। जो देश में तय समय सीमा से ज्यादा समय तक रुके थे या बिना किसी कारण के या अपने वीजा की वैधता से अधिक समय तक काम करते पाए गए थे।
सऊदी एजेंसियों ने 112 लोगों को उनके प्रायोजकों की शिकायतों की वजह से वापस भेजा। 63 लोगों पर अन्य आरोप लगे थे। वहीं, UAE ने 21 पाकिस्तानियों को निर्वासित किया, जिनमें से चार ड्रग्स तस्करी में शामिल हैं। जबकि चीन, कतर, इंडोनेशिया, साइप्रस और नाइजीरिया ने एक-एक पाकिस्तानी नागरिक को वापस स्वदेश भेजा। पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान से बड़ी संख्या में संदिग्ध यात्री विदेश गए हैं। ये लोग शरणार्थी, अवैध ड्रग तस्कर, भिखारी और मानव तस्कर बनकर दूसरे देशों में अवैध रूप से रह रहे हैं।
इस बीच सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (जीएसीए) ने घोषणा की है कि खाड़ी देश की यात्रा करने वाले पाकिस्तानी नागरिकों के लिए पोलियो वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अनिवार्य कर दिया गया है। जीएसीए के अनुसार, नवीनतम निर्देशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को कठोर दंड और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान दुनिया के अंतिम दो पोलियो-स्थानिक देशों में से एक बना हुआ है।
2024 में इस अपंग करने वाली बीमारी के 68 मामले सामने आए थे। सऊदी सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कई खाड़ी देशों ने अपराध, धोखाधड़ी और भीख मांगने में शामिल होने के कारण पाकिस्तानियों पर वीजा बैन लगाए हैं। इससे पहले, UAE ने पाकिस्तान के वीजा आवेदकों के लिए पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र दिखाना करना अनिवार्य कर दिया था। सऊदी अरब के अलावा, यूएई और अन्य खाड़ी देशों ने पाकिस्तान के कम से कम 30 अलग-अलग शहरों के लोगों को वीजा देने पर अनिश्चितकालीन बैन लगा दिया है।
इस बीच, पिछले 24 घंटों में कराची एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने कम से कम 35 यात्रियों को फ्लाइट से उतारा जो विदेश यात्रा करने की कोशिश कर रहे थे। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि उतारे गए यात्रियों में 18 ऐसे यात्री शामिल हैं जिनके पास उमराह वीजा था। लेकिन वे अपनी एडवांस होटल बुकिंग नहीं दिखा सके।