PM Modi in Nepal: बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर नेपाल पहुंचे PM मोदी, माया देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी लुंबिनी में महामाया देवी मंदिर पहुंचे और नेपाली पीएम शेर बहादुर देउबा के साथ पूजा-अर्चना की

अपडेटेड May 16, 2022 पर 12:34 PM
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया

PM Modi in Nepal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल की संक्षिप्त यात्रा पर सोमवार को गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी पहुंचे। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा (Sher Bahadur Deuba) ने PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी अपने नेपाली समकक्ष देउबा से जल विद्युत, विकास और संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी लुंबिनी में महामाया देवी मंदिर पहुंचे और नेपाली पीएम शेर बहादुर देउबा के साथ पूजा अर्चना की। प्रधानमंत्री मोदी, देउबा के निमंत्रण पर नेपाल पहुंचे हैं। वह एक दिवसीय यात्रा पर लुंबिनी पहुंचे है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद मोदी की यह पांचवीं नेपाल यात्रा है।

स्पेशल फ्लाइट से लुंबिनी पहुंचे पीएम मोदी


पीएम मोदी और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से लुंबिनी पहुंचे। इसके बाद लुंबिनी में प्रधानमंत्री महामाया देवी मंदिर गए और पूजा अर्चना की। वे बुद्ध जयंती पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसका आयोजन लुंबिनी विकास ट्रस्‍ट ने नेपाल सरकार के सहयोग से किया है। लुंबिनी नेपाल के तराई मैदानी इलाके में स्थित है और यह बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है।

कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा 

पीएम मोदी लुंबिनी बौद्ध विहार क्षेत्र में बौद्ध संस्‍कृति और विरासत केंद्र के निर्माण के शिलान्‍यास समारोह में भी शामिल होंगे। अंतरराष्‍ट्रीय बौद्ध संस्‍कृति और विरासत केंद्र का निर्माण वैश्विक अपील पर भारत स्थित अंतरराष्‍ट्रीय बौद्ध परिसंघ द्वारा लुम्बिनी विकास ट्रस्‍ट के सहयोग से किया जा रहा है।

इसके लिए भारत सरकार का संस्‍कृति मंत्रालय वित्‍तीय सहयोग उपलब्‍ध कराएगा। अंतरराष्‍ट्रीय बौद्ध परिसंघ संस्‍कृति मंत्रालय के तहत एक अनुदान प्राप्‍त निकाय है। यह बौद्ध केंद्र नेपाल में पहला शून्‍य कार्बन उत्‍सर्जन भवन होगा। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी और देउबा लुंबिनी में ही द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

ये भी पढ़ें- महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी का डर दिखाएगा असर, बाजार में और गिरावट मुमकिन: एक्सपर्ट्स

नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक के दौरान दोनों नेता नेपाल-भारत सहयोग और आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। अपने दौरे से पहले जारी एक बयान में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले महीने देउबा की भारत यात्रा के दौरान हुई “सार्थक” चर्चा के बाद वह फिर से नेपाली प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा से मुलाकात करने को उत्सुक हैं।

शाम को कुशीनगर लौट आएंगे पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष कई क्षेत्रों में साझा समझ बनाना जारी रखेंगे जिसमें पनबिजली, विकास और संपर्क शामिल है। पीएम मोदी ने नेपाल यात्रा से पहले रविवार को जारी बयान में कहा कि हमारे नेपाल के साथ संबंध अद्वितीय हैं। भारत और नेपाल के बीच सभ्यतागत और लोगों से लोगों के संबंध हमारे करीबी रिश्तों की स्थायी इमारत पर खड़े हैं।

बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लुंबिनी में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी शाम चार बजे कुशीनगर लौट आएंगे, जहां वह महापरिनिर्वाण स्तूप जाएंगे तथा दर्शन और पूजा करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।