ऋषि सुनक की Happy Diwali, ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के PM बनेंगे

ऋषि सुनक मंगलवार 25 अक्टूबर से ही ब्रिटेन के पीएम पद का कार्यभार संभाल लेंगे

अपडेटेड Oct 24, 2022 पर 9:16 PM
Story continues below Advertisement
ऋषि सुनक ब्रिटेन के 57वें प्रधानमंत्री और देश का नेतृत्व करने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति होंगे

Rishi Sunak Britain New PM: ऋषि सुनक के लिए इसबार की दिवाली सही मायनों में Happy Diwali साबित हुई है। ऋषि सुनक को सोमवार को कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुन लिया गया। इसी के साथ सुनक ने भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश पीएम बनकर इतिहास रच दिया है।  सुनक को 190 से अधिक सांसदों ने समर्थन दिया। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वि पेनी मोर्डंट 100 सांसदों का जरूरी समर्थन हासिल करने में विफल रहीं और इस रेस से बाहर हो गईं।

पेनी मोर्डंट ने एक ट्वीट करके बताया कि वह प्रधानमंत्री पद की रेस से बाहर हो रही हैं और सुनक को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में समर्थन दे रही हैं।

क्या होगा आगे?


कंजरवेटिव पार्टी के ‘बैकबेंच’ सांसदों की प्रभावशाली 1922 समिति के अध्यक्ष सर ग्राहम ब्रैडी ने संसद परिसर में घोषणा की कि उन्हें केवल एक नामांकन मिला है, लिहाजा नेतृत्व प्रतियोगिता में सुनक विजयी रहे हैं। इसका मतलब है कि बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद ऋषि सुनक प्रधानमंत्री के रूप में लंदन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय 10, डाउनिंग स्ट्रीट में कदम रखेंगे।

सुनक ब्रिटेन के 57वें प्रधानमंत्री और देश का नेतृत्व करने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति होंगे। वह ब्रिटेन के पहले हिंदू प्रधानमंत्री भी हैं. हालांकि देश का वित्त मंत्री रहने के दौरान उन्होंने अपने धर्म को लेकर शायद ही कभी बात की हो।

ऋषि सुनक ने बनाया रिकॉर्ड

ऋषि सुनक की जीत उनके राजनीतिक भाग्य में एक उल्लेखनीय बदलाव का प्रतीक है, जो पिछले महीने सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों का समर्थन नहीं मिलने के बाद निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस से चुनाव हार गए थे. कंजरवेटिव पार्टी में ट्रस के नेतृत्व के खिलाफ खुला विद्रोह हो गया था, जिसके चलते सिर्फ 45 दिन तक प्रधानमंत्री रहने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

ऋषि सुनक  का जन्म ब्रिटेन में हुआ है। भारतीय मूल के उनके पिता यशवीर रिटायर्ड डॉक्टर हैं, जबकि मां ऊषा सुनक फार्मासिस्ट हैं। उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए कहा था कि वह ‘देश की अर्थव्यवस्था को ठीक करने, अपनी पार्टी को एकजुट करने और देश के लिए काम करना चाहते हैं।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।