अमेरिकी राज्य अलबामा के बर्मिंघम के एक बार के बाहर शनिवार रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि बर्मिंघम के फाइव पॉइंट्स साउथ इलाके में रात 11 बजे के आसपास अंधाधुंध गोलीबारी घटना सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि कई लोगों को गोली लगी है। तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। वहीं चौथे शख्स ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी करने वाले कई लोग थे। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
स्थानीय पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बीपीडी अधिकारी घटना स्थल पर मौजूद हैं। यहां कई लोगों को गोली मारी गई है। इससे कई लोग हताहत हो सकते हैं। पुलिस की ओर से जांच पड़ताल जारी है। हम मीडिया को पल-पल की अपडेट्स देते रहेंगे। बता दें कि गन वायलेंस आर्काइव के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अब तक अमेरिका में कम से कम 293 मास शूटिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
ट्रंप पर हुआ था जानलेवा हमला
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला हो चुका है। जिसमें वो बाल-बाल बच गए थे। जब डोनाल्ड ट्रंप पेंसिल्वेनिया में रैली के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। तभी तड़ातड़ गोलियां चलने लगीं। एक गोली ट्रंप के दाहिने कान के ऊपरी हिस्से को छूकर निकली। ट्रंप के कान से खून छलछला उठा। तभी सिक्योरिटी गार्ड्स आए और उन्होंने ट्रंप को चारों तरफ से घेरकर घटनास्थल से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं सीक्रेट सर्विस के ने हमलावर को मौके पर मार गिराया।