Lebanon Blasts: लेबनान और इजरायल में तनाव और संघर्ष बढ़ गया है। मंगलवार को पेजर धमाकों के बाद बुधवार को लेबनान में हिज्बुल्लाह मेंबर्स के वॉकी-टॉकी में और सोलर इक्विपमेंट्स में ब्लास्ट हुए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बेरूत के उपनगरीय इलाकों और बेका घाटी में 20 लोग मारे गए और 450 से अधिक घायल हो गए। बेरूत और दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में घरों में सोलर एनर्जी सिस्टम में भी धमाका हो गया।
ब्लास्ट हुए वॉकी-टॉकीज पर "ICOM" और "मेड इन जापान" के लेबल दिखाई दिए हैं। ICOM जापान स्थित एक रेडियो कम्युनिकेशंस और टेलीफोन कंपनी है। कंपनी का कहना है कि तस्वीरों में वॉकी-टॉकी का जो मॉडल नजर आ रहा है, उसका उत्पादन 10 साल पहले ही बंद हो चुका है।
ICOM ने अपनी वेबसाइट पर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है, 'IC-V82 एक हैंडहेल्ड रेडियो है, जिसका उत्पादन और निर्यात 2004 से अक्टूबर 2014 तक मिडिल ईस्ट सहित कई देशों में किया गया था। इसे लगभग 10 साल पहले बंद कर दिया गया था और तब से इसे हमारी कंपनी से नहीं भेजा गया है। मेन इकाई को ऑपरेट करने के लिए जरूरी बैटरीज का उत्पादन भी बंद कर दिया गया है और नकली प्रोडक्ट्स को पहचानने के लिए होलोग्राम सील नहीं लगाई गई है। इसलिए यह कनफर्म करना मुमकिन नहीं है कि प्रोडक्ट हमारी कंपनी से भेजा गया था या नहीं।'
ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स के जरिए बेचे जाते हैं ICOM प्रोडक्ट्स
कंपनी ने आगे कहा, 'विदेशी बाजारों के लिए प्रोडक्ट्स एक्सक्लूसिव तरीके से हमारे ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स के माध्यम से बेचे जाते हैं। इसके अलावा हमने मिनिस्ट्री ऑफ इकोनॉमी, ट्रेड एंड इंडस्ट्री की ओर से तय सिक्योरिटी ट्रेड कंट्रोल रेगुलेशंस के आधार पर एक एक्सपोर्ट प्रोग्राम (आईकॉम सिक्योरिटी एक्सपोर्ट कंट्रोल प्रोग्राम) बनाया है, और हम सख्त एक्सपोर्ट कंट्रोल्स रखते हैं।'
एक ही फैक्ट्री में बनते हैं सारे रेडियो
ICOM का यह भी कहना है, 'हमारे सभी रेडियो, वाकायामा प्रांत में हमारी प्रोडक्शन सब्सिडियरी वाकायामा आईकॉम इंक. में ISO 9001/14001/27001 पर बेस्ड एक सख्त मैनेजमेंट सिस्टम के तहत बनाए जाते हैं। इसलिए हमारी कंपनी की ओर से स्पेसिफाइड पार्ट्स के अलावा किसी भी प्रोडक्ट में कोई दूसरा पार्ट इस्तेमाल नहीं किया जाता है। इसके अलावा हमारे सभी रेडियो एक ही फैक्ट्री में बनते हैं, और हम उन्हें विदेशों में नहीं बनाते हैं।'
ICOM ने अपने बयान में यह भी कहा कि उसे जैसे ही कोई नई जानकारी पता चलेगी, वह उसे अपनी वेबसाइट पर पब्लिक करेगी। मोबाइल फोन के जरिए इजरायल लोकेशन ट्रैक न कर सके, इसके लिए हिज्बुल्लाह ने अपने मेंबर्स के लिए फोन की जगह पेजर और दूसरे लो-टेक कम्युनिकेशन डिवाइसेज का सहारा लिया। पेजर धमाकों में दो बच्चों सहित कम से कम 12 लोग मारे गए और लगभग 3000 अन्य घायल हुए हैं।