ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को आखिर क्यों इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा?

जॉनसन के खिलाफ कैबिनेट मंत्रियों का असंतोष बुधवार को खुलकर सामने आ गया था। उनके वरिष्ठ दो मंत्रियों ऋषि सुनक (Rishi Sunak) और साजिद जावेद (Sajid Javed) ने इस्तीफा दे दिया था। भारतवंशी सुनक इंफोसिस (Infosys) के को-फाउंडर एनआर नारायणमूर्ति के दामाद हैं

अपडेटेड Jul 07, 2022 पर 9:10 PM
Story continues below Advertisement
जॉनसन करीब तीन साल तक सत्ता में रहे। फिर, उनकी अपनी ही पार्टी में उनके खिलाफ बगावत हो गई।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने आखिरकार इस्तीफा दे दिया। पिछले 48 घंटों में 50 मंत्रियों के इस्तीफे के बाद उनके पास इस्तीफा देने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं था। जॉनसन करीब तीन साल तक सत्ता में रहे। फिर, उनकी अपनी ही पार्टी में उनके खिलाफ बगावत हो गई। इस्तीफा देने वाले मंत्रियों ने कहा है कि उन्हें जॉनसन में भरोसा नहीं रह गया है।

जॉनसन के खिलाफ कैबिनेट मंत्रियों का असंतोष बुधवार को खुलकर सामने आ गया था। उनके वरिष्ठ दो मंत्रियों ऋषि सुनक (Rishi Sunak) और साजिद जावेद (Sajid Javed) ने इस्तीफा दे दिया था। भारतवंशी सुनक इंफोसिस (Infosys) के को-फाउंडर एनआर नारायणमूर्ति के दामाद हैं। वह ब्रिटेन के फाइनेंस मिनिस्टर थे। जावेद हेल्थ मिनिस्टर थे। दोनों के इस्तीफे को जॉनसन के खिलाफ ब्रिटिश कैबिनेट में विद्रोह के रूप में देखा गया था।

सवाल है कि ब्रेग्जिट का प्रोसेस पूरा करने के वादे के साथ सत्ता में आने वाले जॉनसन अपना कार्यकाल क्यों नहीं पूरा कर पाए? उन्होंने सिर्फ तीन साल में अपने ही मंत्रियों का भरोसा क्यों खो दिया? इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमें उन स्कैंडल की तह में जाना होगा, जो पिछले कुछ समय से जॉनसन का पीछा नहीं छोड़ रहे थे।


यह भी पढ़ें : विजय केडिया ने शेयर बाजार के बारे में बताई ऐसी बात जो आपको खुश कर देगी, जानिए क्या कहा

कहा जा सकता है कि 58 साल के जॉनसन पर उनसे जुड़े स्कैंडल भारी पड़े। अगर जॉनसन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गंभीरता से लिया होता तो आज उनके इस्तीफे की नौबत नहीं आती। लेकिन, उनके एक के बाद एक झूठ ने अपने ही लोगों की बीच उनकी विश्वसनीयता खत्म कर दी। क्रिस पिंचर से उनकी उनकी नजदीकी ने आखिरकार प्रधानमंत्री जॉनसन की कुर्सी छीन ली।

शुरू से ही जॉनसन पर पिंचर को सह देने के आरोप लग रहे थे। इस साल फरवरी में जॉनसन ने पिंचर को हाउस ऑफ कामंस का डिप्टी चीफ व्हिप नियुक्त कर दिया था। उनकी जिम्मेदारी सदन में वोटिंग के दौरान कंजरवेटिव पार्टी के सांसदों का समर्थन सुनिश्चित करना था। लेकिन, ब्रिटिश मीडिया में पिंचर के खिलाफ लगे आरोपों के बाद उन पर दबाव बढ़ गया। आखिरकार पिंचर को पिछले हफ्ते चीफ व्हीप पद से इस्तीफा देने को मजबूर होना पड़ा।

पिंचर पर बार में नशे की हालत में कई पुरुषों को गलत तरीके से छूने (Sexual Miscunduct) के आरोप लगे। मीडिया के दबाव बढ़ाने के बाद पिंचर ने अपनी गलती मान ली। उन्होंने जॉनसन को लिखे पत्र में बताया कि उन्होंने बहुत ज्यादा शराब पी ली थी। उन्होंने लिखा, "नशे की हालत में मैंने खुद को और दूसरे लोगों को परेशान किया।"

पिंचर पर इससे पहले भी गलत आचरण के आरोप दो बार लग चुके थे। 2017 में उन्हें सरकार के व्हीप पद से तब इस्तीफा देना पड़ा था जब कंजरवेटिव पार्टी के एक सदस्य ने उनके साथ ज्यादती (Sexual) करने का आरोप लगाया था। लेकिन, इसके बावजूद प्रधानमंत्री बनने के बाद जॉनसन ने उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी सौंपी।

जॉनसन पर आरोप है कि वह पिंचर की गलत हरकतों के बारे में जानने के बावजूद उन्हें आगे बढ़ाते रहे। शुरुआत में तो जॉनसन ने यह कहकर आरोपों से बचने की कोशिश की कि उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं था। लेकिन, ब्रिटिश डिप्लोमैटिक सर्विस के पूर्व प्रमुख सिमोन मैकडॉनल्ड ने ट्विटर पर एक लेटर सार्वजनिक कर दिया, जिसमें सरकार पर लोगों से झूठ बोलने का आरोप लगाया गया था। इसमें यह भी बताया गया था कि जॉनसन को व्यक्तिगत रूप से पिंचर की हरकतों के बारे में बताया गया था।

इस लेटर के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय को बचाव की मुद्रा में आने को मजबूर होना पड़ा। मंगलवार को बीबीसी को दिए इंटरव्यू में जॉनसन ने माना कि उन्हें 2019 में ही पिंचर पर लगे आरोपों के बारे में बताया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पिंचर को आगे बढ़ाना उनकी बड़ी भूल थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए मैं शर्मिंदा हूं।

इससे पहले जॉनसन पर कोरोना की महामारी के दौरान लॉकडाउन के बीच पार्टी करने के आरोप लगे थे। ब्रिटिश पुलिस ने इसके लिए उन पर जुर्माना भी लगाया था। इसे पार्टीगेट स्कैंडल कहा जाता है। दरअसल, जून 2020 में लॉकडाउन के दौरान जॉनसन ने नियमों की अनदेखी कर बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था। इसमें दर्जनों लोग शामिल हुए थे, जबकि लॉकडाउन के नियमों के तहत इसकी इजाजत नहीं थी।

जॉनसन पर अपनी गर्लफ्रेंड को सरकारी नौकरी दिलाने के लिए अपने पद के दुरुपयोग के भी आरोप लगे थे। तब वह विदेश मंत्री थे। इस गर्लफ्रेंड का नाम Carrie Johnson है, जो अब उनकी पत्नी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।