विकिपीडिया (Wikipedia) के फाउंडर जिमी वेल्स (Jimmy Wales) और टेस्ला के मालिक एलॉन (Elon Musk) मस्क के बीच 'नाजी सैल्यूट (Nazi salute)' विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस हुई। एलॉन मस्क पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उद्घाटन समारोह के दौरान वहां पर मौजूदा लोगों को 'नाजी सैल्यूट' किया। हालांकि दोनों के बीच यह विवाद तब शुरू हुआ, विकिपीडिया ने मस्क से जुड़ी इस घटना को अपने प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित किया। रिपोर्ट में कहा गया कि डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के उद्घाटन समारोह के दौरान मस्क ने अपने हाथ को एक खास तरीके से उठाया था।
विकिपीडिया पर लिखा गया है, "अपने भाषण के दौरान, एलॉन मस्क ने दो बार दाहिने हाथ को भीड़ की ओर एक कोण पर उठाया। इस इशारे की तुलना नाजी सैल्यूट से की गई। मस्क ने इस इशारे के पीछे किसी भी प्रकार के अर्थ को खारिज कर दिया।"
मस्क ने कहा कि विकिपीडिया ने उनके हाथ के इशारे को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। मस्क ने ट्वीट करते हुए लिखा, "चूंकि विकिपीडिया, पारंपरिक मीडिया प्रोपेगेंडा को 'वैध' स्रोत मानता है, इसलिए यह खुद भी उसी का विस्तार बन गया है।"
जिमी वेल्स का जवाब- यह सिर्फ फैक्ट हैं
विकिपीडिया के फाउंडर जिमी वेल्स ने मस्क के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि विकिपीडिया पर जो कुछ लिखा गया है, वह केवल तथ्य हैं। वेल्स ने मस्क को जवाब देते हुए कहा, "क्या इस रिपोर्ट में कुछ भी गलत है? यह सच है कि आपने यह इशारा (दो बार) किया और यह भी सच है कि कई लोगों ने इसे नाजी सैल्यूट से जोड़ा। और यह भी तथ्य है कि आपने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं था। यह मुख्यधारा का प्रोपेगेंडा नहीं, बल्कि तथ्य हैं।"
हालांकि मस्क की नाराजगी इतने पर भी नहीं रुकी और उन्होंने एक पोस्ट में विकिपीडिया को "डिफंड" करने यानी उससे फंडिंग छीनने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकिपीडिया को तब तक संतुलित नहीं माना जा सकता जब तक इसमें सुधार नहीं होता।
मस्क के आरोपों पर पलटवार करते हुए वेल्स ने तंज कसा, "एलॉन इसलिए नाराज हैं क्योंकि विकिपीडिया बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है।" उन्होंने कहा कि अगर मस्क सच में मदद करना चाहते हैं, तो उन्हें "सच की परवाह करने वाले और विचारशील लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए।"
मस्क ने 2022 में ट्विटर (अब X) का अधिग्रहण किया था। इसके बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म से ट्रस्ट और सेफ्टी टीमों को हटा दिया। साथ ही उन्होंने हाल के सालों में कंटेंट मॉडरेशन में भी काफी बदलाव किए हैं। इसके चलते कम्युनिटी नोट्स जैसे फीचर्स के बावजूद इस प्लेटफॉर्म पर गलत सूचनाओं और प्रोपेगेंडा में बढ़ोतरी हुई है। मस्क ने अमेरिकी चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप का भी खुलकर साथ दिया था और वे आज उनके करीबी सहयोगियों में से एक हैं।