Xi Jinping China: लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति चुने गए शी जिनपिंग, 2028 तक संभालेंगे देश की बागडोर

Xi Jinping China: चीनी संसद ने अभूतपूर्व रूप से राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पांच साल का तीसरा कार्यकाल देने का सर्वसम्मति से समर्थन किया है। इसके साथ ही जिनपिंग चीन के पहले ऐसे नेता बन गए हैं जो लगातार तीन बार राष्‍ट्रपति का पद संभाल रहे हैं। साल 2013 व‍ह पहली बार चीन के राष्‍ट्रपति बने थे। इसके बाद साल 2018 में उन्‍हें लगातार दूसरी बार देश का राष्‍ट्रपति चुना गया था

अपडेटेड Mar 10, 2023 पर 11:13 AM
Story continues below Advertisement
Xi Jinping China: शी जिनपिंग लगातार तीसरी बार चीन के राष्‍ट्रपति बने हैं

चीन के सर्वोच्च नेता शी जिनपिंग (Xi Jinping) लगातार तीसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। चीन की संसद (Chinese Parliament) ने शुक्रवार को अभूतपूर्व रूप से राष्ट्रपति शी जिनपिंग (China president Xi Jinping) को पांच साल का तीसरा कार्यकाल देने का सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके साथ ही शी जिनपिंग चीन के पहले ऐसे नेता बन गए हैं जो लगातार तीन बार राष्‍ट्रपति का पद संभाल रहे हैं। साल 2013 व‍ह पहली बार चीन के राष्‍ट्रपति बने थे। इसके बाद साल 2018 में उन्‍हें लगातार दूसरी बार देश का राष्‍ट्रपति चुना गया था।

पिछले साल अक्टूबर में चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (Communist Party of China- CPC) ने अपनी कांग्रेस में 69 वर्षीय शी जिनपिंग को फिर से सीपीसी नेता के रूप में चुना था। सीपीसी की कांग्रेस की बैठक पांच साल में एक बार होती है। इसी के साथ, जिनपिंग सीपीसी के संस्थापक माओत्से तुंग (Mao Zedong) के बाद पांच साल के तीसरे कार्यकाल के लिए चुने गए पहले चीनी नेता बन गए थे।

चीनी संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (National People's Congress-NPC) ने शुक्रवार को प्रत्याशित रूप से शी जिनपिंग के तीसरे कार्यकाल को मंजूरी दी। नेशनल पीपुल्स कांग्रेस को सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के फैसलों पर आंख मूंदकर मुहर लगाने के कारण अकसर ‘रबर स्टांप पार्लियामेंट’ कहा जाता है।


जीवनभर चीन पर करेंगे हुकूमत?

शी जिनपिंग के ताउम्र चीन पर हुकूमत करने की संभावना जताई जा रही है। वह पिछले साल अक्टूबर में सीपीसी की कांग्रेस के दौरान पार्टी के महासचिव चुने गए थे। इस दौरान, सीपीसी ने अपने सभी शीर्ष नीति निकायों के लिए नए नेतृत्व का चयन किया था।

NPC का इस साल का वार्षिक सत्र इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें चीन सरकार में नेतृत्व में 10 साल में एक बार होने वाले बदलावों पर मुहर लगाई जानी है, जिसमें प्रधानमंत्री पद भी शामिल है। प्रधानमंत्री राज्य परिषद और केंद्रीय मंत्रिमंडल की अध्यक्षता करते हैं।

मौजूदा प्रधानमंत्री ली केकियांग का कार्यकाल इस वर्ष के एनपीसी सत्र के साथ समाप्त होगा। ली कियांग के उनका उत्तराधिकारी चुने जाने की प्रबल संभावनाएं हैं, जो जिनपिंग के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। एनपीसी शनिवार को उनके नाम पर मुहर लगा सकती है।

ये भी पढ़ें- VIDEO: दिग्विजय सिंह की SUV कार ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर! 10 फीट दूर गिरा युवक, कांग्रेस नेता की गाड़ी जब्त

नए नेतृत्व के सभी नामों को कुछ सप्ताह पहले जिनपिंग की अध्यक्षता में हुई सीपीसी की बैठक में अनुमोदित किया गया था। एनपीसी की मंजूरी एक औपचारिकता भर मानी जाती है। चीन के नए प्रधानमंत्री इस साल के वार्षिक एनपीसी सत्र के अंतिम दिन 13 मार्च को अपने सलाना प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।