IRCTC Tatkal Train Booking: 1 जुलाई से तत्काल में ट्रेन टिकट बुक कराने का तरीका बदल जाएगा। अब बिना आधार और OTP के तत्काल में ट्रेन टिकट की बुकिंग नहीं करा पाएंगे। भारतीय रेलवे ने आम लोगों को राहत देने और तत्काल टिकट बुकिंग को ट्रांसपेरेंट बनाने के लिए ये बड़े बदलाव किये हैं। ये नए नियम 1 जुलाई 2025 लागू किये जाएंगे। ये बदलाव खासतौर पर IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए Tatkal टिकट बुक करने वालों पर लागू होंगे।
अब Tatkal ट्रेन टिकट के लिए जरूरी होगा आधार
1 जुलाई से IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए Tatkal टिकट बुक करने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। इससे टिकट बुकिंग प्रोसेस ट्रांसपेरेंट होगा और फर्जी बुकिंग को रोका जा सकेगा।
अब कैसे बुक होगी तत्काल ट्रेन टिकट?
वहीं, 15 जुलाई से PRS काउंटर यानी रेलवे स्टेशन पर मौजूद कंप्यूटराइज्ड काउंटर और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुक किए गए Tatkal टिकट पर OTP आधारित मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन जरूरी होगा। बुकिंग के समय दिए गए मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे दर्ज किए बिना टिकट कंफर्म नहीं होगा। रेल मंत्रालय के अनुसार ये कदम इसलिए उठाए गए हैं ताकि Tatkal स्कीम का गलत इस्तेमाल न हो और यह सुविधा सही मायने में जरूरतमंद लोगों को मिले।
एजेंटों के लिए बुकिंग समय पर रोक
रेलवे ने अधिकृत एजेंटों के लिए बुकिंग समय में 30 मिनट की रोक लगाने का फैसला किया है ताकि आम लोग पहले टिकट बुक कर सकें।
AC क्लास के Tatkal टिकट: सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक एजेंट टिकट नहीं बुक कर सकेंगे।
Non-AC क्लास के टिकट: सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक रोक लागू होगी।
बड़ी संख्या में Tatkal टिकट बुकिंग पहले 10-30 मिनट में हो जाती है। उदाहरण के लिए AC क्लास में 60% से ज्यादा टिकट पहले 10 मिनट में और Non-AC क्लास में 84% टिकट पहले घंटे में बिक जाते हैं।
फर्जी बुकिंग और बॉट्स पर कार्रवाई
IRCTC ने बताया कि फर्जी और बॉट के जरिए होने वाली टिकट बुकिंग पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले 6 महीनों में 2.5 करोड़ फर्जी यूजर ID को बंद किया गया है। अभी भी 20 लाख से ज्यादा अकाउंट जांच के दायरे में हैं। आधार वेरिफिकेशन न करने वाले यूजर्स की आईडी पर स्पेशल जांच की जाएगी। इन नए नियमों से Tatkal टिकट बुकिंग को पारदर्शी, सुरक्षित और आम लोगों के लिए आसान बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे फर्जी एजेंटों और बॉट्स का इस्तेमाल करने वालों पर लगाम लगेगी और सही ट्रेन यात्रियों को फायदा होगा। यदि आप भी Tatkal टिकट बुक करते हैं, तो अब आधार और मोबाइल नंबर अपडेट रखना जरूरी है।