अगर आप बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में पैसे डालने के बारे में सोच रहे हैं तो आपके लिए खबर अच्छी नहीं है। 2025 में एफडी के इंटरेस्ट रेट्स में गिरावट का ट्रेंड है। इसकी बड़ी वजह आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी है। आरबीआई ने रेपो रेट घटाना शुरू किया। इसके बाद बैंक भी एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स में कमी कर रहे हैं। आरबीआई इस साल दो बार रेपो रेट घटा चुका है। पहली 25 बेसिस प्वाइंट्स की कमी उसने फरवरी में की थी। फिर अप्रैल में उसने 25 बेसिस प्वाइंट्स की कमी की। इसे रेपो रेट 6.5 फीसदी से घटकर 6 फीसदी पर आ गया है।
एसबीआई इंटरेस्ट रेट्स में दो बार कमी कर चुका है
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स में कमी करने में सबसे आगे है। वह अलग-अलग अवधि के एफडी के इंटरेस्ट रेट्स में 20 बेसिस प्वाइंट्स की कमी कर चुका है। यह कमी 16 मई से लागू हो गई है। एसबीआई ने 15 अप्रैल को भी एफडी पर इंटरेस्ट रेट में कमी की थी। दूसरे बैंकों ने भी एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स में कमी की है। इससे 3 करोड़ रुपये से ज्यादा के 7-45 दिन के डिपॉजिट पर इंटरेस्ट रेट्स 3.3 फीसदी रह गया है। पहले यह 3.5 फीसदी था। लंबी अवधि के एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स घटकर 6.7 फीसदी पर आ गया है, जो पहले 6.9 फीसदी था।
स्पेशल स्कीम 'अमृत वृष्टि' के इंटरेस्ट रेट्स में भी कमी
सीनियर सिटीजंस को एफडी पर ज्यादा इंटरेस्ट मिलता है। पहले उन्हें एफडी पर 4 से 7.5 फीसदी के बीच इंटरेस्ट मिलता था। अब 5-10 साल के एफडी पर उन्हें 7.3 फीसदी इंटरेस्ट मिल रहा है। SBI ने अपनी स्पेशल स्कीम 'अमृत वृष्टि' (Amrit Vrishti) में 444 दिन की अवधि पर इंटरेस्ट रेट 7.05 फीसदी से घटाकर 6.85 फीसदी कर दिया है। सीनियर सिटीजंस के लिए इसे 7.55 फीसदी से घटाकर 7.35 फीसदी कर दिया गया है। सुपर सीनियर सिटीजंस के लिए यह अब 7.45 फीसदी हो गया है।
HDFC Bank ने 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी की है
दूसरे बैंकों ने भी एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स में कमी की है। HDFC Bank ने कुछ चुनिंदा अवधि के एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स में 50 बेसिस प्वाइंट्स की कमी की है। अब बैंक आम ग्राहकों को 3 से 7.1 फीसदी का इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहा है, जबकि सीनियर सिटीजंस को 3.5 से 7.55 फीसदी का रेट ऑफर कर रहा है। ये रेट्स 3 करोड़ रुपये से कम के डिपॉजिट्स के लिए हैं।
ICICI Bank और Axis Bank ने भी ग्राहकों को दिया झटका
ICICI Bank ने भी 17 अप्रैल को एफडी के इंटरेस्ट रेट्स में 50 बेसिस प्वाइंट्स तक की कमी का ऐलान किया था। अभी वह आम ग्राहकों और सीनियर सिटीजंस को एफडी पर 3 से 7.05 फीसदी का इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। Axis Bank ने भी एफडी पर इंटरेस्ट रेट घटाया है। अब बैंक 3 करोड़ रुपये से कम के एफडी पर 3 से 7.55 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Digital Form 16 से इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना अब काफी आसान, जानिए प्रोसेस
सीनियर सिटीजंस को सबसे ज्यादा परेशानी
इंडिया में अब भी कई लोग खासकर सीनियर सिटीजंस बैंक एफडी में पैसा रखना पसंद करते हैं। उन्हें यह सबसे सुरक्षित लगता है। कई सीनियर सिटीजंस अपने जरूरी खर्चों के लिए एफडी से मिलने वाले इंटरेस्ट पर निर्भर करते हैं। बैंकों के इंटरेस्ट घटाने से उनकी इंटरेस्ट इनकम भी घट जाएगी। इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। SBI के इंटरेस्ट में 20 बेसिस प्वाइंट्स की कमी कर देने से 5 साल के 5 लाख रुपये के एफडी पर अब सीनियर सिटीजंस को सालाना 1,000 से 2,000 रुपये कम इंटरेस्ट इनकम होगी।