Budget 2026: क्या बजट पेश होते ही 1 फरवरी को लागू हो जाते हैं नए नियम? जानिए क्या होता है बजट डे के बाद
Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 को 1 फरवरी रविवार के दिन संसद में पेश किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी आम लोगों के मन में यही सवाल रहता है कि क्या बजट पेश होते ही इसके नियम लागू हो जाते हैं या इसके लिए इंतजार करना पड़ता है?
Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 को 1 फरवरी रविवार के दिन संसद में पेश किया जाएगा।
Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026 को 1 फरवरी रविवार के दिन संसद में पेश किया जाएगा। इस दिन फाइनेंशियल मंत्री निर्मला सीतारमण देश की इनकम-खर्च, टैक्स बदलाव और सरकार की प्राथमिकताओं का ऐलान करेंगी। हर साल की तरह इस बार भी आम लोगों के मन में यही सवाल रहता है कि क्या बजट पेश होते ही इसके नियम लागू हो जाते हैं या इसके लिए इंतजार करना पड़ता है?
बजट क्या होता है?
केंद्रीय बजट सरकार का सालाना हिसाब-किताब होता है। इसमें बताया जाता है कि सरकार अगले फाइनेंशियल ईयर में कितना पैसा कमाएगी और उसे किन-किन एरिया में खर्च करेगी। टैक्स, सब्सिडी, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण योजनाओं से जुड़े फैसले इसी बजट में लिए जाते हैं। संविधान के अनुच्छेद 112 के तहत हर साल बजट पेश करना जरूरी होता है।
बजट पेश होने का मतलब क्या नियम लागू हो गए?
आसान शब्दों में कहें तो नहीं। बजट पेश होना और बजट के नियम लागू होना, दोनों अलग-अलग चीजें हैं। बजट 1 फरवरी को पेश किया जाता है, लेकिन ज्यादातर घोषणाएं 1 अप्रैल से लागू होती हैं, क्योंकि नया फाइनेंशियल ईयर 1 अप्रैल से शुरू होता है।
टैक्स से जुड़े नियम कब लागू होते हैं?
इनकम टैक्स से जुड़े बदलाव, जैसे टैक्स स्लैब, छूट, डिडक्शन या सरचार्ज में बदलाव, आमतौर पर 1 अप्रैल से लागू होते हैं। इसका मतलब है कि बजट 2026 में अगर कोई टैक्स राहत या नया टैक्स नियम घोषित होता है, तो वह फाइनेंशियल ईयर 2026-27 यानी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा।
हालांकि कुछ मामलों में सरकार साफ-साफ बता देती है कि कोई नियम तुरंत लागू होगा। जैसे एक्साइज ड्यूटी या कस्टम ड्यूटी में बदलाव कई बार बजट वाले दिन या अगले दिन से लागू कर दिए जाते हैं।
बजट डे के बाद क्या होता है?
बजट पेश होने के बाद संसद में उस पर चर्चा होती है। सरकार Finance Bill पेश करती है, जिसमें टैक्स से जुड़े सभी प्रस्ताव शामिल होते हैं। जब यह बिल संसद से पास हो जाता है और राष्ट्रपति की मंजूरी मिल जाती है, तब टैक्स नियमों को कानूनी रूप मिलता है। इसके बाद सरकार नोटिफिकेशन जारी करती है, जिसमें साफ किया जाता है कि कौन-सा नियम कब से लागू होगा।
खर्च और योजनाएं कब जमीन पर उतरती हैं?
बजट में जिन योजनाओं या खर्च का ऐलान होता है, उनके लिए मंत्रालयों को अलग-अलग दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। कई योजनाएं 1 अप्रैल से शुरू होती हैं, जबकि कुछ के लिए बीच में ही नोटिफिकेशन आ सकता है। यानी हर घोषणा एक साथ लागू नहीं होती।
आम लोगों के लिए क्या समझना जरूरी है?
बजट डे पर बड़ी घोषणाएं जरूर होती हैं, लेकिन इसका असर धीरे-धीरे दिखता है।
अगर आप नौकरीपेशा हैं या बिजनेस करते हैं, तो टैक्स से जुड़ा असर आपकी सैलरी या रिटर्न पर अगले फाइनेंशियल ईयर से पड़ेगा। अगर कोई राहत तुरंत मिलनी है, तो सरकार उसे बजट भाषण में साफ शब्दों में बताती है।
आर्थिक सर्वेक्षण और बजट में फर्क
बजट से पहले पेश होने वाला आर्थिक सर्वेक्षण सिर्फ अर्थव्यवस्था की तस्वीर दिखाता है। इसमें कोई नियम लागू नहीं होता। बजट में ही सरकार असली फैसले लेती है, लेकिन उनके लागू होने की तारीख अलग-अलग हो सकती है।