Milk Price Hike: Amul के बाद अब Mother Dairy ने भी महंगा किया दूध, दिल्ली-NCR में ₹2 प्रति लीटर बढ़ाई कीमत

Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 35 लाख लीटर ताजा दूध बेचती है। कंपनी ने आखिरी बार फरवरी 2023 में अपने लिक्विड दूध की कीमतों में बदलाव किया था। मदर डेयरी के सभी प्रकार के दूध की कीमतों में वृद्धि 3 जून से दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ अन्य बाजारों में भी लागू हो गई है

अपडेटेड Jun 03, 2024 पर 1:44 PM
Milk Price Rise: दोनों प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ताओं ने दूध की कीमतों में वृद्धि लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के ठीक बाद की है।

अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी ग्राहकों की जेब को झटका दिया है। मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसका कारण पिछले 15 महीनों में लागत में वृद्धि बताया गया है। सभी प्रकार के दूध की कीमतों में वृद्धि सोमवार, 3 जून से दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के साथ-साथ अन्य बाजारों में भी लागू हो गई है। 2 जून को अमूल ब्रांड ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की थी।

दोनों प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ताओं ने दूध की कीमतों में वृद्धि लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के ठीक बाद की है। चुनाव के नतीजे 4 जून को आने वाले हैं। मदर डेयरी ने बयान में कहा है कि उपभोक्ता मूल्य में वृद्धि मुख्य रूप से उत्पादकों को बढ़ी हुई उत्पादन लागत की भरपाई के लिए की गई है, जो पिछले एक वर्ष से अधिक समय से बढ़ रही है।

दिल्ली-NCR में अब क्या होगी मदर डेयरी के दूध की कीमत


दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध अब 68 रुपये प्रति लीटर, जबकि टोंड और डबल टोंड दूध क्रमशः 56 रुपये और 50 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। भैंस और गाय के दूध की कीमतें क्रमशः 72 रुपये और 58 रुपये प्रति लीटर होंगी। टोकन दूध (बल्क वेंडेड मिल्क) 54 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जाएगा।

मार्च से मई के बीच देश में लू से 56 लोगों की मौत, 25,000 हीट स्ट्रोक के सामने आए मामले

मदर डेयरी का रोज कितना बिकता है दूध

मदर डेयरी वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 35 लाख लीटर ताजा दूध बेचती है। कंपनी ने आखिरी बार फरवरी 2023 में अपने लिक्विड दूध की कीमतों में बदलाव किया था। कंपनी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ महीनों में दूध की खरीद के लिए अधिक कीमत चुकाने के बावजूद उपभोक्ता कीमतें जस की तस रखी गईं। इसके अलावा देश भर में गर्मी हद से ज्यादा रही है और इससे दूध उत्पादन पर और अधिक असर पड़ने की आशंका है।’’ मदर डेयरी के अनुसार, वह दूध की बिक्री से होने वाली आय का औसतन 75-80 प्रतिशत हिस्सा खरीद में खर्च कर देती है। इससे ‘डेयरी फार्मिंग’ की निरंतरता और गुणवत्तापूर्ण दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

अमूल के दूध की नई कीमतें

‘अमूल’ ब्रांड के तहत डेयरी प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने देशभर में दूध की कीमतों में करीब 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। बढ़ी हुई कीमतें 3 जून से लागू हुईं। जीसीएमएमएफ ने कहा कि फरवरी 2023 से उसने दूध की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है और दूध के उत्पादन और परिचालन की कुल लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में यह बढ़ोतरी की जा रही है। ताजा वृद्धि के बाद अमूल के 500 एमएल भैंस के दूध की कीमत 36 रुपये, 500 एमएल अमूल गोल्ड दूध की कीमत 33 रुपये और 500 एमएल अमूल शक्ति दूध की कीमत 30 रुपये हो गई है।

कम से कम 2 लाख में शुरू करें ये 10 बिजनेस, रोजाना होगी बंपर कमाई

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।