CM Khet Suraksha Yojana: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के किसान पिछले कई सालों से आवारा पशुओं से बेहद परेशान हैं। बुंदेलखंड जैसे अन्य इलाकों में मोटे अनाजों की खेती लगभग बंद होने के कगार पर पहुंच गई है। इसकी मूल वजह आवारा पशु हैं। लहलहाती फसल को नील गाय, सुअर, और अन्य पशु कब भारी भरकम नुकसान पहुंचा दें। इसका कोई भरोसा नहीं है। बहुत से किसान हैं, जिन्हें रात दिन खेत की ही रखवाली करनी पड़ रही है। इस बीच योगी सरकार ने किसानों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए सीएम खेत सुरक्षा योजना (CM Khet Suraksha Yojana) की शुरुआत की है।
पहले यह योजना सिर्फ बुंदेलखंड में थी। अब यह योजना पूरे राज्य में लागू होगी। इस योजना का पहले बजट 75 करोड़ रुपये था। अब इसका बजट बढ़ाकर 350 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
जानिए क्या है सीएम खेत सुरक्षा योजना
मुख्यमंत्री खेत सुरक्षा योजना के तहत किसानों को फसलों को बचाने के लिए सोलर फेसिंग की योजना बनाई गई है। इसके तहत खेत के बाड़ में तार लगाई जाएगी। इसमें 12 बोल्ट का करेंट प्रवाहित होगा। इससे पशुओं को सिर्फ झटका लगेगा। इससे उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। खास बात ये है कि हल्के करेंट के साथ सायरन की भी आवाज आएगी। इससे छुट्टा या जंगली जानवर नील गाय, सुअर और अन्य आवारा पशु फसल को नुकसान नहीं पहुंचा सकेंगे।
इसके लिए सरकार लघु-सीमांत किसानों को प्रति हेक्टेयर लागत 60 फीसदी या 1.43 लाख रुपये का अनुदान भी देगी। कृषि विभाग ने इस योजना का ड्रॉफ्ट तैयार कर चुका है। जल्द ही इसे कैबिनेट में भेजा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद सूबे में लागू कर दिया जाएगा।
आवारा पशु बन चुका है चुनावी मुद्दा
दरअसल, साल 2024 के शुरुआत में लोकसभा के चुनाव हो सकते हैं। राज्य में विधान चुनाव में भी आवारा पशुओं का मुद्दा विपक्ष ने उठाया था। ऐसे में लोकसभा चुनाव को देखते हुए विपक्ष की ओर से यह मुद्दा न बने। लिहाजा राज्य सरकार ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की इस योजना से किसानों को भी कापी फायदा होगा।