Delhi Free Electricity: दिल्लीवासियों को मिलती रहेगी बिजली सब्सिडी, LG ने 46 लाख लोगों को दी राहत

Delhi Free Electricity: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बिजली सब्सिडी की फाइल को मंजूरी दे दी है। दिल्ली में रहने वाले 46 लाख से ज्यादा लोगों को मिल रही बिजली सब्सिडी का रास्ता अब साफ हो गया है। अब राजधानी के लोगों को बिजली सब्सिडी मिलती रहेगी। इससे पहले फाइल की मंजूरी को लेकर केजरीवाल सरकार में मंत्री ऊर्जा मंत्री आतिशी और उपराज्यपाल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला था

अपडेटेड Apr 14, 2023 पर 6:32 PM
Delhi Free Electricity: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बिजली सब्सिडी को मंजूरी दे दी है

Delhi Free Electricity: दिल्लीवासियों को फिलहाल पहले की तरह बिजली सब्सिडी मिलती रहेगी। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बिजली सब्सिडी की फाइल को मंजूरी दे दी है। दिल्ली में रहने वाले 46 लाख से ज्यादा लोगों को मिल रही बिजली सब्सिडी का रास्ता अब साफ हो गया है। अब राजधानी के लोगों को बिजली सब्सिडी मिलती रहेगी। इससे पहले फाइल की मंजूरी को लेकर केजरीवाल सरकार में मंत्री ऊर्जा मंत्री आतिशी और उपराज्यपाल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला था।

जानकारी के अनुसार उप-राज्यपाल ने बिजली सब्सिडी की फाइल पर दस्तखत कर दिए हैं। उपराज्यपाल के दस्तखत करने के बाद ये फाइल अब दिल्ली सरकार के पास वापस जाएगी। इसके बाद सब्सिडी देने को लेकर आगे की प्रक्रिया को फिर से जारी किया जाएगा।

AAP ने लगाया था LG पर आरोप


इससे पहले दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी ने कहा था कि शुक्रवार से शहर के करीब 46 लाख लोगों को मिलने वाली बिजली सब्सिडी खत्म हो जाएगी, क्योंकि उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अभी तक उपभोक्ताओं को सब्सिडी देने की फाइल को मंजूरी नहीं दी है।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर सक्सेना के साथ बैठक के लिए समय मांगा था, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा था, “हम 46 लाख लोगों को जो सब्सिडी देते हैं, वह आज से बंद हो जाएगी। सोमवार से लोगों को बिना सब्सिडी के बढ़े हुए बिल मिलेंगे।”

AAP नेता ने कहा कि दिल्ली मंत्रिमंडल ने साल 2023-24 के लिए बिजली सब्सिडी के विस्तार को मंजूरी दे दी है, लेकिन फाइल अब भी उपराज्यपाल कार्यालय में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया, “जब तक फाइल मंजूर नहीं हो जाती, तब तक हम सब्सिडी नहीं दे सकते। मैंने इस मामले पर चर्चा के लिए एलजी कार्यालय से भी समय मांगा था, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा हो गए हैं और मुझे समय नहीं दिया गया है। फाइल भी अभी तक वापस नहीं आई है।”

आतिशी ने कहा कि फाइल कुछ दिनों पहले भेजी गई थी लेकिन जवाब का अब भी इंतजार है। उन्होंने कहा, “इस सब्सिडी के बजट को विधानसभा ने पास कर दिया है। सरकार के पास सब्सिडी के लिए पैसा है लेकिन हम इसे खर्च नहीं कर सकते।”

दिल्लीवालों को मिलती है सब्सिडी

बता दें कि दिल्ली में AAP सरकार उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मासिक खपत के साथ मुफ्त बिजली प्रदान करती है। प्रति माह 201 से 400 यूनिट खपत करने वालों को 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है, जिसकी अधिकतम सीमा 850 रुपये है।

ये भी पढ़ें- Asad Encounter: डॉन अबू सलेम के करीबियों ने दी थी असद को पनाह, अतीक अहमद के पाकिस्तान कनेक्शन का भी खुलासा

पिछले साल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि बिजली सब्सिडी केवल उन उपभोक्ताओं को प्रदान की जाएगी जो इसके लिए अप्लाई करेंगे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 58 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं में से 48 लाख से अधिक लोगों ने बिजली सब्सिडी के लिए अप्लाई किया है। AAP सरकार ने 2023-24 के अपने बजट में बिजली सब्सिडी के लिए 3250 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।